रंगमंच 2026 महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नीम करौली महाराज को दी श्रद्धांजलि
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित रंगमंच 2026 महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महान संत नीम करौली महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की और भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपरा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी विशेषता उसका ज्ञान, शास्त्र और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत है। उन्होंने कहा कि देश की आध्यात्मिक शक्ति का सम्मान पूरी दुनिया में संत महापुरुषों के कारण होता है। भारत में प्रेम, तपस्या और आध्यात्मिक साधना की परंपरा सदियों से समाज को नई दिशा देती रही है।
डॉ. मोहन यादव ने उत्तराखंड स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1964 में स्थापित यह तपोभूमि आज देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुकी है। उन्होंने कहा कि संतों के आदर्श और उनके विचार आज भी समाज को सकारात्मक ऊर्जा और मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कलाकार, साहित्यकार, संस्कृति प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
