भगवान श्रीराम और संत वेश के कथित अपमान के विरोध में बजरंग दल का आक्रोश प्रदर्शन

Share :

भगवान श्रीराम और संत वेश के कथित अपमान के विरोध में बजरंग दल का आक्रोश प्रदर्शन

भोपाल संसद भवन परिसर में 31 जुलाई को विपक्षी सांसदों द्वारा संत वेश धारण कर किए गए प्रदर्शन के विरोध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने भोपाल में आक्रोश प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान संगठन पदाधिकारियों ने इस घटना को सनातन धर्म, संत परंपरा और हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं का अपमान बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।

इस अवसर पर पूज्य संत महंत अनिलानन्द महाराज ने कहा कि संसद में प्रदर्शन के नाम पर भगवान श्रीराम और संत परंपरा का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से क्षमा नहीं मांगी गई, तो संत समाज उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

विश्व हिंदू परिषद प्रांत मध्यभारत के प्रांत सह मंत्री जितेन्द्र चौहान ने कहा कि विपक्षी सांसदों द्वारा संत वेश धारण कर किया गया प्रदर्शन अत्यंत आपत्तिजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समर्थित निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के अन्य सांसदों ने धार्मिक प्रतीकों का राजनीतिक प्रदर्शन के लिए उपयोग कर हिंदू समाज की आस्था को ठेस पहुंचाई है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में संत वेश श्रद्धा और त्याग का प्रतीक है तथा इसका राजनीतिक उद्देश्यों के लिए उपयोग अनुचित है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष लंबे समय से सनातन आस्थाओं का विरोध करता रहा है और राम मंदिर निर्माण के बाद उसकी प्रतिक्रिया विभिन्न रूपों में सामने आ रही है।

जितेन्द्र चौहान ने कहा कि हिंदू समाज शांतिप्रिय और सहिष्णु है, लेकिन उसकी सहनशीलता को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने माननीय लोकसभा अध्यक्ष से मांग की कि संसद परिसर में धार्मिक प्रतीकों के कथित अनादर के मामले में संबंधित सांसदों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि विश्व हिंदू परिषद इस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई के विकल्पों पर भी विचार कर रही है।

प्रदर्शन में प्रांत सह मंत्री जितेन्द्र चौहान, भोपाल विभाग मंत्री जीवन शर्मा, विभाग सह मंत्री हरिओम शर्मा, विभाग संयोजक अभिजीत राजपूत, विभाग सह संयोजक नीरज प्रजापति, जिला मंत्री मोहित सोनी, नितिन साहू, कमल पिपरिया, जितेन्द्र मीणा, जिला संयोजक रोहित श्रीवास, सुरेन्द्र ठाकुर, अभिषेक शर्मा, अर्जुन गुर्जर, शिवराज धाकड़ सहित भोपाल विभाग के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu