भोपाल: यूनियन कार्बाइड प्रभावित 42 मोहल्लों में गंदे पानी की सप्लाई का आरोप, जांच रिपोर्ट जारी

Share :

भोपाल: यूनियन कार्बाइड प्रभावित 42 मोहल्लों में गंदे पानी की सप्लाई का आरोप, जांच रिपोर्ट जारी

भोपाल। यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री के पीछे बसे 42 प्रभावित मोहल्लों में पाइपलाइन के जरिए हो रही पेयजल आपूर्ति की जांच रिपोर्ट शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में जारी की गई। पत्रकार वार्ता का आयोजन इंडियन कॉफी हाउस, पुलिस लाइन, लिली टॉकीज में भोपाल गैस पीड़ित संगठनों द्वारा किया गया।

पत्रकार वार्ता में भोपाल ग्रुप फॉर इंफॉर्मेशन एंड एक्शन की सदस्य रचना ढींगरा ने आरोप लगाया कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को पाइपलाइन से साफ पेयजल नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कई इलाकों में सप्लाई हो रहा पानी बेहद गंदा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा बना हुआ है। उनका कहना था कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद प्रभावित बस्तियों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू नहीं की गई है।

संगठनों ने बताया कि यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री परिसर में डंप किए गए जहरीले कचरे के कारण आसपास के 42 मोहल्लों का भूजल वर्षों से प्रदूषित है। इसी को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2005 और 2012 में इन क्षेत्रों में पाइपलाइन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।

गैस पीड़ित संगठनों और स्थानीय निवासियों द्वारा हाल ही में की गई जलापूर्ति जांच के आधार पर दावा किया गया कि कई इलाकों में पाइपलाइन से आने वाला पानी गंदा है और उसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। संगठनों ने सरकार से प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की नियमित और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu