किसान आंदोलन पर मुख्यमंत्री का बयान, बोले- संवाद से निकलेगा समाधान
राजधानी भोपाल में जारी किसान आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पूरे मध्य प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों से सीधे संवाद के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। इस समिति में प्रदेश के कृषि मंत्री एंदल सिंह कंसाना, मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल हैं, जो किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। साथ ही केंद्र सरकार के स्तर पर भी कृषि मंत्री से किसानों के मुद्दों पर बातचीत की जाएगी।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार संवाद के माध्यम से हर समस्या का समाधान चाहती है। उन्होंने किसानों और प्रशासन, दोनों से अपील की कि आंदोलन के दौरान आम जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बातचीत के जरिए सकारात्मक समाधान निकलेगा।
