भोपाल, 28 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 तक देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के तहत मध्यप्रदेश के 62 संगठनात्मक जिलों, 1313 मंडलों और 21 हजार स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
डॉ. सोलंकी ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को समरसता दीपोत्सव से होगा। प्रदेशभर में गुरु रविदास मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर संत रविदास महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन एवं आमजन बड़ी संख्या में भागीदारी करेंगे।
वाराणसी से भोपाल पहुंचेगी पावन कलश यात्रा
डॉ. सोलंकी ने बताया कि अभियान के दूसरे चरण ‘कलश वंदन अभियान’ के अंतर्गत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पावन मिट्टी से भरे कलश देशभर के लिए रवाना किए जाएंगे। मध्यप्रदेश का कलश सिंगरौली से प्रदेश में प्रवेश करेगा और सीधी, रीवा, सतना, मैहर, कटनी, दमोह, सागर, विदिशा एवं रायसेन से होते हुए भोपाल पहुंचेगा। भोपाल स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर में कलश स्थापना के बाद प्रदेश की पावन मिट्टी मिलाकर 62 संगठनात्मक जिलों के लिए अलग-अलग कलश तैयार किए जाएंगे, जिन्हें रथों के माध्यम से जिला, मंडल और ग्राम स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
पांच चरणों में चलेगा अभियान
उन्होंने बताया कि अभियान पांच चरणों में संचालित होगा। तीसरे चरण में ‘श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी, जो डेरा सचखंड बल्लां (पंजाब) से प्रारंभ होकर राजस्थान और मध्यप्रदेश से गुजरते हुए सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) पहुंचेगी।
चौथे चरण में ‘संत संपर्क अभियान’ के माध्यम से प्रदेशभर के संत-महात्माओं, पूज्य गुरुओं एवं धार्मिक नेतृत्व से संपर्क किया जाएगा। वहीं पांचवें चरण ‘छात्रावास संपर्क अभियान’ के अंतर्गत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावासों के विद्यार्थियों तक संत गुरु रविदास महाराज के जीवन-दर्शन एवं सामाजिक समरसता के संदेश को पहुंचाया जाएगा।
सामाजिक समरसता और समानता का संदेश
डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान संत, समाज सुधारक और समरसता के प्रणेता थे। उन्होंने समानता, आत्मसम्मान, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया, जो आज भी समाज को दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर सामाजिक एकता और समरसता को और अधिक सशक्त बनाना है।
पत्रकार वार्ता में मीडिया पैनलिस्ट गुंजन चौकसे, महेश शर्मा, डॉ. एस.के. तिवारी, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रामप्रकाश शुक्रवारे, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहनी शाक्यवार, अमर उंटवाल एवं नितिन मालवीय उपस्थित रहे।
