दतिया उपचुनाव: ‘मन की बात’ के जरिए भाजपा ने विकास और संगठन को दिया चुनावी संदेश

Share :

§दतिया उपचुनाव: ‘मन की बात’ के जरिए भाजपा ने विकास और संगठन को दिया चुनावी संदेश

भोपाल, 26 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के श्रवण के साथ भारतीय जनता पार्टी ने दतिया उपचुनाव को लेकर संगठन और विकास का संदेश दिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवाड़ी जिले के ओरछा में कार्यक्रम में भाग लिया, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने दतिया के विभिन्न बूथों पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुना और उन्हें संबोधित किया।

मन की बात’ में मध्यप्रदेश के जल संरक्षण मॉडल की सराहना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में मध्यप्रदेश के सीधी और नरसिंहपुर जिलों में जल संरक्षण के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्हें देश के लिए प्रेरणादायी मॉडल बताया। भाजपा नेताओं ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

हेमंत खण्डेलवाल: दतिया उपचुनाव विकास की दिशा तय करेगा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि दतिया उपचुनाव केवल एक विधायक चुनने का चुनाव नहीं, बल्कि जिले के भविष्य और विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों के आवास, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान, मुफ्त राशन और सड़क जैसी योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण को प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर पूरी ताकत के साथ जुटकर भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।

वैश्विक मंच पर मजबूत हो रहा भारत

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने ‘मन की बात’ में कारगिल विजय दिवस पर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि, स्वदेशी रक्षा निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति, खादी और हैंडलूम को बढ़ावा देने जैसे विषयों को प्रेरणादायी बताया।

डॉ. महेंद्र सिंह: आत्मनिर्भर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा देश

प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में रक्षा उपकरणों और आधुनिक हथियारों का निर्माण बढ़ा है तथा स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का अभियान राष्ट्रीय विकास को नई गति दे रहा है।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के हित में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।

दतिया के विकास के लिए भाजपा को मजबूत करने की अपील

डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि दतिया में एयर कनेक्टिविटी, मेडिकल कॉलेज, सड़क नेटवर्क सहित कई विकास कार्य भाजपा सरकारों के दौरान हुए हैं। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में मतदान कर दतिया के विकास को नई गति देने की अपील की।

भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने और आगामी उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu