भोपाल में बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ ‘मूवमेंट अगेंस्ट अनप्लॉयमेंट’ का प्रदर्शन, सरकार से की कई मांगें

Share :

भोपाल में बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ ‘मूवमेंट अगेंस्ट अनप्लॉयमेंट’ का प्रदर्शन, सरकार से की कई मांगें

भोपाल। राजधानी भोपाल में बेरोजगारी, पेपर लीक और लंबित भर्तियों को लेकर ‘मूवमेंट अगेंस्ट अनप्लॉयमेंट’ संगठन ने प्रदर्शन किया। संगठन के प्रतिनिधियों ने सरकार से युवाओं से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई करने और संवाद स्थापित करने की मांग की।

संगठन के प्रतिनिधि मनोज रजक ने आरोप लगाया कि पेपर लीक के मामलों में अब तक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस पूरे मामले में जवाबदेही तय क्यों नहीं की गई। साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की।

प्रदर्शन के दौरान मनोज रजक ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलनों के साथ सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध प्रदर्शन करने वालों के साथ संवाद होना चाहिए, न कि बल प्रयोग।

संगठन ने मध्य प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से खाली पड़े पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। इसके अलावा नर्सिंग छात्रों की परीक्षाएं समय पर कराने और युवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर 14 से 15 सूत्रीय मांगपत्र सरकार के समक्ष रखा।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे हैं और सरकार को युवाओं की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा।

नोट: इस खबर में शामिल आरोप और मांगें प्रदर्शनकारी संगठन की ओर से कही गई हैं। संबंधित पक्ष का आधिकारिक जवाब मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu