मानसून सत्र समाप्त, लेकिन जनता के सवाल अब भी अनुत्तरित: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार
Bhopalमध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त हो चुका है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पूरे सत्र में जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बचती रही।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि अनुपूरक बजट में किसानों के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किया गया। युवाओं के रोजगार को लेकर भी सरकार ने कोई स्पष्ट योजना पेश नहीं की। वहीं, 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर भी चर्चा से बचने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से विधायक जनता की समस्याएं लेकर विधानसभा पहुंचते हैं, लेकिन सदन में उन्हें इतना कम समय दिया जाता है कि वे अपने क्षेत्र की बात पूरी तरह नहीं रख पाते। कई प्रश्न और अनुपूरक प्रश्न बिना जवाब के लंबित रह जाते हैं।
उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर विधानसभा की कार्यवाही का लाइव टेलीकास्ट नहीं करने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि सरकार नहीं चाहती कि प्रदेश की जनता सदन में पूछे जा रहे सवालों और सरकार के जवाबों को देख सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सत्र के दौरान भाजपा के एक मंत्री द्वारा युवाओं के लिए “कॉकरोच” जैसे शब्द का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अपमानजनक है।
अंत में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि किसान, युवा, आदिवासी, महिलाएं और उद्यमियों सहित समाज के हर वर्ग की आवाज़ को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना ही होगा।
