मालवीय नगर सहित शहर के कई प्रमुख स्थानों पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने लगाए होर्डिंग। मुख्यमंत्री के बयान ‘राम एक शादी करेगा तो रहीम भी एक ही शादी करेगा’ को प्रमुखता दी गई। UCC को लेकर सरकार की पहल का जताया आभार।

भोपाल में समान नागरिक संहिता यानी यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर सियासी माहौल गर्म होता नजर आ रहा है। शहर के कई प्रमुख स्थानों पर विधायक रामेश्वर शर्मा की ओर से होर्डिंग लगाए गए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री के उस बयान को प्रमुखता से जगह दी गई है, जिसमें कहा गया था— “राम एक शादी करेगा तो रहीम भी एक ही शादी करेगा।”
ये होर्डिंग मालवीय नगर स्थित विधायक कार्यालय सहित भोपाल के विभिन्न प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं। इनके माध्यम से केंद्र सरकार और मध्यप्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया गया है।
गौरतलब है कि UCC को लेकर सरकार की तैयारियां तेज हैं। जानकारी के मुताबिक, भोपाल के जगदीशपुर में होने वाली कैबिनेट बैठक के एजेंडे में समान नागरिक संहिता का प्रस्ताव शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री पहले ही संकेत दे चुके हैं कि इसी मानसून सत्र में UCC को लागू करने की दिशा में सरकार आगे बढ़ सकती है।
हालांकि, UCC को लेकर अंतिम फैसला कैबिनेट की मंजूरी और विधायी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा। इस बीच, राजधानी भोपाल में लगे ये होर्डिंग इस मुद्दे को लेकर सियासी चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।
