प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा— आशुतोष तिवारी भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी, विकास कार्यों और संगठन की ताकत के दम पर दतिया सीट कांग्रेस से छीनेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल ने दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की तैयारियों की जानकारी देते हुए जीत का भरोसा जताया। उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता दतिया पहुंचेंगे और पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूर्व संभागीय संगठन मंत्री श्री आशुतोष तिवारी को दतिया उपचुनाव के लिए अपना अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है और कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर जनता से समर्थन मांगेंगे।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने लंबे समय तक क्षेत्र में सक्रिय रहकर विकास कार्य किए हैं और जनता का विश्वास अर्जित किया है। उन्हीं विकास कार्यों और भाजपा सरकार की उपलब्धियों के आधार पर पार्टी जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का लाभ भाजपा को मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया के कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी श्री आशुतोष तिवारी को भारी बहुमत से विजयी बनाएंगे और भाजपा कांग्रेस से यह सीट छीनने में सफल होगी।
