मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में शामिल होंगे प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थल, नर्मदा परिक्रमा पर भी फोकस: राज्य मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी

Share :

धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की समीक्षा बैठक में गैर-शासकीय मंदिरों के जीर्णोद्धार, सिंहस्थ-2028 की तैयारियों और प्रमुख मंदिरों की ऑनलाइन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश।

भोपाल। संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और मां नर्मदा की नर्मदा परिक्रमा को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में शामिल करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप अंतरराज्यीय तीर्थ दर्शन के लिए बस संचालन की योजना पर भी तेजी से काम करने के निर्देश दिए।

मंत्रालय में आयोजित धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग की समीक्षा बैठक में राज्य मंत्री ने गैर-शासकीय मंदिरों के जीर्णोद्धार की योजना बनाने, शासन संधारित मंदिरों की भूमि और विभागीय परिसंपत्तियों की स्थिति की समीक्षा करने तथा प्रमुख मंदिरों के दस्तावेजीकरण को गति देने के निर्देश दिए।

बैठक में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि सिंहस्थ को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के मंदिरों के विकास तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

 

राज्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी प्रमुख मंदिरों की प्रमाणिक जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और विश्वसनीय जानकारी मिल सके।

बैठक में धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के संचालक आशीष सिंह, तीर्थस्थान एवं मेला प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu