फादर अनिल मार्टिन ने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर सराहा, त्वरित कार्रवाई को बताया मिसाल
भोपाल।राजधानी भोपाल के चर्चित दंपति डबल मर्डर मामले का सफल खुलासा करने पर क्रिश्चियन समाज ने भोपाल पुलिस की सराहना करते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार का सम्मान किया। गुरुवार को क्रिश्चियन समाज के फादर अनिल मार्टिन ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया और पूरी पुलिस टीम की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की प्रशंसा की।

फादर अनिल मार्टिन ने कहा कि मृतक दंपति क्रिश्चियन समाज से जुड़े थे और ईटखेड़ी थाना क्षेत्र में निवास करते थे। लगभग एक माह पहले उनके घर में घुसकर गोली मारकर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे समाज में शोक और भय का माहौल बन गया था।

उन्होंने बताया कि भोपाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार जांच की और कम समय में एक प्रॉपर्टी डीलर सहित उसके साथी को गिरफ्तार कर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद मजबूत हुई है, वहीं समाज का कानून व्यवस्था और पुलिस पर विश्वास भी बढ़ा है।

फादर मार्टिन ने कहा कि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी भोपाल पुलिस की सतर्कता, पेशेवर कार्यशैली और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और पूरी टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
