गुरु पूर्णिमा पर पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व, शुरू होगी भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना

Share :

गुरु पूर्णिमा पर पूरे प्रदेश में मनाया जाएगा महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व, शुरू होगी भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना

भोपाल, 28 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई को मध्यप्रदेश में पहली बार महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व का प्रदेशव्यापी आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में गुरु-पूजन, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम, छात्र-शिक्षक संवाद तथा भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा पर आधारित विविध गतिविधियाँ आयोजित होंगी।

इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत भी की जाएगी। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने बताया कि योजना के तहत प्रदेश के 102 मेधावी विद्यार्थियों को ₹1 लाख की एकमुश्त छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इनमें 51 विद्यार्थी विद्यालय स्तर तथा 51 विद्यार्थी महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय स्तर से चयनित होंगे। प्रतियोगिता भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जित 14 विद्याओं, 64 कलाओं, महर्षि सांदीपनि तथा भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित होगी।

श्रीराम तिवारी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान-विज्ञान, कला, संस्कृति, साहित्य और दर्शन से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को सुदृढ़ करना है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से महर्षि सांदीपनि गुरु पर्व एवं छात्रवृत्ति योजना में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा महर्षि सांदीपनि और भारतीय गुरु परंपरा पर आधारित तीन पुस्तकों का लोकार्पण भी किया जाएगा। साथ ही महर्षि सांदीपनि के जीवन पर आधारित एक ई-बुकलेट प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों को उपलब्ध कराई जाएगी।

श्रीकृष्ण पाथेय न्यास का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े स्थलों का संरक्षण एवं विकास, भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा का संवर्धन तथा नई पीढ़ी को भारतीय विरासत से जोड़ना है।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu