धनबाद में ED की बड़ी कार्रवाई: अवैध कोयला कारोबार से जुड़े 760 करोड़ की बेनामी संपत्ति का खुलासा
धनबाद: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने झारखंड के धनबाद में अवैध कोयला खनन और मनी लॉन्ड्रिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई कोयला कारोबार से जुड़े कई प्रभावशाली लोगों और कथित सिंडिकेट पर की गई।
ईडी की कार्रवाई के दायरे में कोयला कारोबारी अनिल गोयल, एलबी सिंह, झामुमो नेता हरेंद्र चौहान, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रोहित यादव, गणेश यादव और पप्पू मंडल समेत कई अन्य लोगों के ठिकाने शामिल रहे।
जांच एजेंसी के अनुसार, छापेमारी के दौरान 760 करोड़ रुपये से अधिक की कथित बेनामी चल एवं अचल संपत्तियों का पता चला है। इसके अलावा लगभग 160 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश और बड़ी मात्रा में नकदी को फ्रीज किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ईडी का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध कोयला खनन, उससे अर्जित आय और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच के तहत की गई है। एजेंसी जब्त किए गए दस्तावेजों, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
इस कार्रवाई के बाद धनबाद और कोयलांचल क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि जांच के दायरे में आने वाले दिनों में कुछ और नाम भी सामने आ सकते हैं।
हालांकि, जिन लोगों के यहां छापेमारी की गई है, उनकी ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया फिलहाल सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है और ईडी की ओर से आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
