कांग्रेस प्रवक्ता प्रदीप धौलपुर ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से पूछे तीखे सवाल, कहा—आस्था पर नहीं, राजनीति पर क्यों सक्रियता?
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप धौलपुर ने कई सीधे और तीखे सवाल पूछे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक मुद्दों पर संगठन की सक्रियता को लेकर दोहरे मापदंड का आरोप लगाया और कहा कि आस्था से जुड़े हर मुद्दे पर समान रूप से आवाज उठनी चाहिए, न कि राजनीतिक सुविधा के अनुसार।
प्रदीप धौलपुर ने सवाल किया कि जब मंदिरों में चोरी की घटनाएं होती हैं, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं, गोवंश तस्करी और उससे जुड़े अपराध सामने आते हैं या धार्मिक प्रतीकों के दुरुपयोग के मामले सामने आते हैं, तब बजरंग दल का विरोध और प्रदर्शन क्यों दिखाई नहीं देता?
उन्होंने कहा कि जैसे ही विपक्ष संसद के भीतर सरकार से सवाल पूछता है, उसी समय विरोध-प्रदर्शन शुरू हो जाते हैं। उन्होंने पूछा कि क्या आस्था के मुद्दों पर प्रतिक्रिया हर स्थिति में समान नहीं होनी चाहिए?
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना अपराध नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार है। किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका सरकार से जवाब मांगने की होती है और इसे राजनीतिक विरोध के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें प्रदीप धौलपुर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से सवाल-जवाब करते हुए अपनी बात रखते दिखाई दे रहे हैं।
