नरसिंहपुर में कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, संगठन को मजबूत बनाने का दिया संदेश
नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने नरसिंहपुर शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित मंडलम, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर पदाधिकारियों से विस्तृत संवाद किया।
उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस की वास्तविक शक्ति उसका मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और जनता का विश्वास है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की क्षमता बढ़ाने और संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करने का माध्यम हैं। आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर कार्य करने की अपील भी की।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, मंडलम, ब्लॉक एवं नगर अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
