सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रखा आधारशिला, 18.66 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक अतिथि गृह
उज्जैन में न्यायिक अधोसंरचना को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लगभग 18.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले न्यायाधीश अतिथि गृह का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया।
करीब 1.947 एकड़ भूमि पर बनने वाला यह आधुनिक अतिथि गृह जी+1 (भूतल एवं प्रथम तल) संरचना में विकसित किया जाएगा। भवन में न्यायाधीशों के ठहरने के लिए सभी आवश्यक एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके निर्माण से विभिन्न न्यायालयों एवं न्यायिक संस्थानों से उज्जैन आने वाले न्यायाधीशों को बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को भगवान श्री महाकालेश्वर मंदिर की प्रतिकृति भेंट की। वहीं, जिला अभिभाषक संघ ने समारोह में उपस्थित सभी न्यायाधीशों को भगवान श्री महाकालेश्वर का छायाचित्र भेंट कर उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर सर्वोच्च न्यायालय एवं मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, जिला न्यायालय के न्यायाधीश, प्रशासन एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
