सारंगपुर में मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल काऔचक निरीक्षण, कन्या विद्यालय और छात्रावास की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सारंगपुर। मध्य प्रदेश शासन के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने शुक्रवार को सारंगपुर स्थित महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय कन्या विद्यालय एवं उससे संबद्ध बालिका छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, निर्माणाधीन कार्यों, शैक्षणिक गतिविधियों तथा छात्रावास की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विद्यालय परिसर के समीप चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्ध पूर्णता की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री डॉ. टेटवाल कक्षाओं में भी पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से पढ़ाई, विषयों की तैयारी, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और उनके भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की।उन्होंने स्वयं छात्राओं को पढ़ाया तथा उन्हें अनुशासन, नियमित अध्ययन और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बेटियों को आत्मनिर्भर, सक्षम और सशक्त बनाती है तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके बाद मंत्री ने बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर रहने की व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं तथा अधिकारियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई। मंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कैमरों के नियमित संचालन और निगरानी के निर्देश दिए। वहीं रसोई में रोटी बनाने की मशीन बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए उसे तत्काल दुरुस्त कराने के आदेश दिए।
मंत्री ने कहा कि छात्राओं के भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समयपर उपलब्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी कमियों का शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि निलेश वर्मा, लखन मंडल, स्थानीय नागरिक, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्रावास का स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
