दतिया की जीत 2028 के परिवर्तन का शंखनाद: जीतू पटवारी

Share :

दतिया की जीत 2028 के परिवर्तन का शंखनाद: जीतू पटवारी

भोपाल, 3 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में इंडिया गठबंधन की जीत को प्रदेश की राजनीति में बदलाव की शुरुआत बताया है। उन्होंने दतिया की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत केवल एक उपचुनाव का परिणाम नहीं, बल्कि वर्ष 2028 में बनने वाली जनपक्षीय सरकार की मजबूत नींव है।

जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया का चुनाव लोकतंत्र और सत्ता के अहंकार के बीच सीधी लड़ाई था। उनके अनुसार भाजपा ने चुनाव में सरकारी और राजनीतिक संसाधनों का व्यापक उपयोग किया, अनेक वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने लगातार प्रचार किया, लेकिन जनता ने धनबल और सत्ता के दबाव को नकारते हुए लोकतंत्र के पक्ष में अपना जनादेश दिया।

उन्होंने इस विजय का श्रेय कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं को देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने पूरे एक महीने तक अनुशासन, निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव तथा गठबंधन के सभी सहयोगी कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया और इसे इंडिया गठबंधन की एकजुटता का प्रमाण बताया।

पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मध्यप्रदेश अब अहंकार, भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और बदले की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगा। प्रदेश की जनता विकास, न्याय, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति चाहती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस जनादेश को जनता की सेवा का संकल्प मानते हुए किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और समाज के प्रत्येक वर्ग की आवाज़ को और अधिक मजबूती से उठाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया से शुरू हुआ परिवर्तन का यह अभियान पूरे मध्यप्रदेश में आगे बढ़ेगा और वर्ष 2028 में प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व में जनहितैषी, जवाबदेह और संवेदनशील सरकार का गठन होगा।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu