परिजनों को दिलाया न्याय का भरोसा, चक्का जाम खुलवाकर निष्पक्ष जांच के दिए निर्देश

अन्ना नगर युवक की संदिग्ध मौत मामले में मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सख्त

नरेला विधानसभा क्षेत्र के अन्ना नगर निवासी 18 वर्षीय एस. चंद्रू की नशामुक्ति केंद्र में हुई संदिग्ध मृत्यु के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और क्षेत्रवासियों ने सड़क पर शव रखकर चार घंटे से अधिक समय तक चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मामले की जानकारी मिलते ही सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर चक्का जाम खुलवाया।

मंत्री श्री सारंग ने पुलिस प्रशासन को मामले की त्वरित, निष्पक्ष और गंभीर जांच के निर्देश देते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई : मंत्री सारंग

नशामुक्ति केंद्र बंद करने और संचालक पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश

मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि अन्ना नगर का एक युवा नशामुक्ति केंद्र में भर्ती था, लेकिन केंद्र की लापरवाही के कारण उसकी जान चली गई। उन्होंने कहा कि संबंधित नशामुक्ति केंद्र को बंद किया जाएगा और उसके संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री श्री सारंग ने पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाए। यदि नशामुक्ति केंद्र की लापरवाही या किसी प्रकार की आपराधिक संलिप्तता सामने आती है, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

बाथरूम में फांसी लगाने की सूचना के बाद बढ़ा विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार एस. चंद्रू पिछले चार दिनों से अवधपुरी स्थित एक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती था। गुरुवार रात केंद्र परिसर के बाथरूम में युवक के फांसी लगाने की सूचना सामने आई। वहीं परिजनों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।

“भोपाल के अन्ना नगर में 18 वर्षीय युवक एस. चंद्रू की नशामुक्ति केंद्र में हुई संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना से नाराज़ परिजनों और क्षेत्रवासियों ने सड़क पर शव रखकर कई घंटों तक चक्का जाम किया। मौके पर पहुंचे मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने परिजनों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए चक्का जाम खुलवाया और पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। मंत्री ने साफ कहा है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और संबंधित नशामुक्ति केंद्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।”

अमलाहा में बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, हाईवे पर लगाया जाम

सीहोर जिले के अमलाहा में लगातार बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों ने किया जोरदार प्रदर्शन, सड़क पर उतरे लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ की नारेबाजी

सीहोर जिले के अमलाहा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विभागीय अधिकारियों और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बार-बार बिजली गुल हो रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।

हाईवे जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों द्वारा जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ और यातायात बहाल कराया गया।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

हाईकोर्ट के फैसले के बाद भोजशाला में गूंजा हनुमान चालीसा पाठ, श्रद्धालुओं ने किए मां वाग्देवी के दर्शन

धार 
मध्य प्रदेश के धार स्थित भोजशाला परिसर को मंदिर घोषित किए जाने के बाद शनिवार को यहां पूजा-अर्चना शुरू हो गई। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच द्वारा भोजशाला-कमाल मौला विवाद पर फैसला सुनाए जाने के बाद हिंदू पक्ष में खुशी का माहौल है। फैसले के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोजशाला परिसर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा की। 

हाईकोर्ट के फैसले के बाद पहली बार हुई पूजा
शनिवार सुबह भोज उत्सव समिति के पदाधिकारियों के साथ श्रद्धालु भोजशाला परिसर में एकत्र हुए। यहां पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। हाईकोर्ट के फैसले के बाद भोजशाला परिसर में यह पहली पूजा मानी जा रही है।

भोजशाला परिसर में पूजा के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

हाईकोर्ट ने भोजशाला को माना मंदिर
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच ने अपने फैसले में भोजशाला परिसर को मंदिर घोषित किया और हिंदू पक्ष को वहां पूजा करने का अधिकार दिया। अदालत ने उन याचिकाओं पर यह फैसला सुनाया, जिनमें भोजशाला परिसर हिंदुओं को सौंपने और परिसर में मुस्लिम पक्ष को नमाज पढ़ने से रोकने की मांग की गई थी।

शुक्रवार को जस्टिस विजय कुमार शुक्ला और जस्टिस आलोक अवस्थी की खंडपीठ ने उस पुराने आदेश को भी रद्द कर दिया, जिसमें मुस्लिम पक्ष को भोजशाला परिसर में नमाज पढ़ने की अनुमति दी गई थी।

भोजशाला फैसले पर उषा ठाकुर का दिग्विजय सिंह पर हमला, बोलीं- तुष्टिकरण की राजनीति करते रहे

धार भोजशाला को लेकर आए न्यायालय के फैसले के बाद पूर्व मंत्री उषा ठाकुर ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह के शासनकाल में भोजशाला आंदोलन से जुड़े लोगों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय हिंदू संगठनों और आंदोलनकारियों की आवाज दबाने की कोशिश की गई थी. उषा ठाकुर ने कहा कि दिग्विजय सिंह हमेशा से तुष्टिकरण की राजनीति करते रहे हैं और अल्पसंख्यक वोट बैंक की राजनीति के कारण आज भी हाई कोर्ट के फैसले पर बयानबाजी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि भोजशाला हिंदुओं की आस्था का केंद्र है और वर्षों पुराने संघर्ष के बाद अब न्यायपालिका से न्याय मिला है. पूर्व मंत्री ने कहा कि बरसों पुराना सपना अब पूरा हुआ है. मां सरस्वती और मां वाग्देवी का आशीर्वाद समाज को मिला है. उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि एक मंदिर को मंदिर कहलाने में इतना लंबा समय गुजर गया. हालांकि अब अदालत के फैसले ने सत्य को सामने ला दिया है और सत्य की जीत हुई है. उषा ठाकुर ने कहा कि दिग्विजय सिंह जैसे नेता अपने वोट बैंक की राजनीति के कारण इस तरह के बयान देते रहेंगे, लेकिन हिंदू समाज की आस्था भोजशाला से जुड़ी है और अब यहां प्रतिदिन पूजा होगी. उन्होंने कहा कि समाज लंबे समय से इस फैसले का इंतजार कर रहा था. उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं वर्षों से भोजशाला आंदोलन से जुड़ी रही हैं. आंदोलन के संघर्ष को उन्होंने बहुत करीब से देखा है और पूरे घटनाक्रम की साक्षी रही हैं. उनके मुताबिक यह फैसला केवल कानूनी जीत नहीं बल्कि आस्था और सांस्कृतिक पहचान की भी जीत है। 

भोजशाला में अभी चित्र ले जाने की अनुमति नहीं, संयम में श्रद्धालु, उत्साह से किए दर्शन

इंदौर हाई कोर्ट के फैसले के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार की भोजशाला पहुंचे. दर्शन करने वालों में महिलाएं और बच्चियां भी शामिल रहीं. कई श्रद्धालु अपने साथ हनुमान जी और मां सरस्वती के चित्र लेकर पहुंचे थे. श्रद्धालुओं ने धार्मिक चित्रों को परिसर के भीतर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने उन्हें प्रवेश की अनुमति नहीं दी. सुरक्षा कर्मियों ने श्रद्धालुओं को बताया कि उन्हें अभी तक हाई कोर्ट के नए आदेशों या प्रशासन की ओर से किसी बदलाव संबंधी निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं. ऐसे में फिलहाल पुरानी व्यवस्था और निर्धारित नियमों के तहत ही प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जा रही है. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की अनुबंध एजेंसी के सुरक्षाकर्मियों ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्पष्ट आदेश मिलने के बाद ही किसी नई व्यवस्था को लागू किया जा सकेगा. हालांकि इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. लोग शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन और पूजा-अर्चना करते नजर आए. परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां वाग्देवी को नमन कर आशीर्वाद लिया. वहीं भोज उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने भी श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने की अपील की. समिति ने कहा कि हाई कोर्ट के विस्तृत दिशा-निर्देश और आधिकारिक आदेश मिलने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी. पदाधिकारियों ने समाज से कानून और प्रशासनिक प्रक्रिया का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने का आग्रह किया.

कोर्ट ने कहा – भोजशाला का धार्मिक स्वरूप मंदिर का
अपने फैसले में कोर्ट ने कहा कि भोजशाला परिसर और कमाल मौला मस्जिद का विवादित क्षेत्र एक संरक्षित स्मारक है। अदालत ने स्पष्ट कहा कि इस विवादित परिसर का धार्मिक स्वरूप भोजशाला का है, जहां देवी सरस्वती का मंदिर स्थित है। कोर्ट ने अपने फैसले में यह भी माना कि ऐतिहासिक साहित्य और उपलब्ध साक्ष्यों से यह साबित होता है कि यह स्थान देवी सरस्वती को समर्पित मंदिर था। साथ ही यह जगह प्राचीन समय में संस्कृत शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में भी जानी जाती थी। 

पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना
शनिवार सुबह सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच श्रद्धालु और भोज उत्सव समिति के पदाधिकारी परिसर पहुंचे। इनमें संरक्षक विश्वास पांडे, भोजशाला मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा, श्रीश दुबे, केशव शर्मा और अशोक जैन शामिल थे। सभी ने मां वाग्देवी के स्थान और यज्ञ कुंड के पास पुष्प अर्पित कर दंडवत प्रणाम किया।

श्रद्धालु बोले- भोजशाला मंदिर थी, है और रहेगी
दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने कहा कि सालों बाद उन्हें बिना रोक-टोक पूजा करने का अवसर मिला है। भोजशाला मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा ने कहा, “भोजशाला का कण-कण यह दर्शाता है कि यह एक मंदिर है।”

मुस्लिम पक्ष की आगे की कानूनी कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि उन्हें सुप्रीम कोर्ट जाने की पूरी स्वतंत्रता है, लेकिन भोजशाला मंदिर था, मंदिर है और हमेशा मंदिर ही रहेगा। फिलहाल पूरे धार शहर और भोजशाला परिसर की स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

सुप्रीम कोर्ट में 2 कैविएट याचिकाएं दायर
मुस्लिम पक्ष के सुप्रीम कोर्ट जाने की संभावना को देखते हुए हिंदू पक्ष ने सर्वोच्च न्यायालय में 2 कैविएट याचिकाएं दायर की हैं। हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर जैन ने बताया कि हाईकोर्ट ने लंदन के एक संग्रहालय में रखी वाग्देवी की मूल मूर्ति वापस लाने की मांग पर भी विचार किया है।

समस्तीपुर में ब ड़ा हादसा टला: ट्रेन के नीचे छिपकर मां ने बचाई बच्चों की जान

शाहपुर पटोरी स्टेशन का वीडियो वायरल, ट्रैक पार करते समय अचानक आई ट्रेन; एक महिला घायल, सभी सुरक्षित


बिहार के समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन महिलाएं दो छोटे बच्चों के साथ रेलवे ट्रैक पार कर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार ट्रेन ट्रैक पर आ जाती है, जिससे वहां अफरा-तफरी मच जाती है।
जान बचाने के लिए सभी महिलाएं और बच्चे प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच बनी संकरी जगह (मलहरा) में सिमटकर बैठ जाते हैं। यह पल बेहद डरावना था, क्योंकि ट्रेन उनके बेहद करीब से गुजर रही थी।
इस दौरान एक मां ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपने दोनों बच्चों को सीने से लगाकर सुरक्षित रखा। ट्रेन गुजरने तक वह बच्चों को ढाल बनकर बचाती रही।
ट्रेन गुजरने के बाद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। हालांकि इस घटना में एक महिला को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन सभी की जान बच गई।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग मां की बहादुरी की जमकर सराहना कर रहे हैं। वहीं, रेलवे ट्रैक पार करने की लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि रेलवे ट्रैक पार करना बेहद खतरनाक होता है और ऐसे हादसे कभी भी बड़ी दुर्घटना में बदल सकते हैं।

यह घटना एक बड़ी सीख है कि थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। रेलवे नियमों का पालन करना और केवल निर्धारित स्थानों से ही ट्रैक पार करना बेहद जरूरी है।

0

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu