दिल्ली एयरपोर्ट से शिवाजी स्टेडियम तक मेट्रो यात्रा कर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील
नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट से शिवाजी स्टेडियम तक दिल्ली मेट्रो में सफर कर ग्रीन मोबिलिटी और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर्यावरण संरक्षण, ईंधन बचत और यातायात प्रबंधन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और ईंधन बचत के लिए किए जा रहे आह्वान को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। मेट्रो जैसी आधुनिक परिवहन व्यवस्थाएं न केवल समय की बचत करती हैं, बल्कि कार्बन उत्सर्जन कम कर सतत विकास लक्ष्यों को भी मजबूती प्रदान करती हैं।
यात्रियों से संवाद, सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील
मेट्रो यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सहयात्रियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की और लोगों से अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बढ़ते शहरीकरण के बीच ट्रैफिक जाम और प्रदूषण जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान सार्वजनिक परिवहन को अपनाने में ही निहित है।
दिल्ली मेट्रो की सुविधाओं की सराहना
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिल्ली मेट्रो की समयबद्धता, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी आधुनिक परिवहन व्यवस्थाओं का विस्तार देश के अन्य शहरों में भी होना चाहिए।
मध्यप्रदेश में परिवहन सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश में नागरिकों को संगठित, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्री परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए “मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा” शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि भोपाल में मेट्रो सेवा प्रारंभ हो चुकी है तथा भोपाल और इंदौर में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार का कार्य लगातार जारी है।
ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के विस्तार के माध्यम से मध्यप्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
