भोपाल में नशे के खिलाफ बड़ा एक्शन: एमडी ड्रग्स, गांजा और अवैध शराब के साथ कई आरोपी गिरफ्तार
भोपाल में नशे पर पुलिस का सख्त वार | एमडी, गांजा और शराब जब्त
राजधानी भोपाल में नशे के खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में एमडी ड्रग्स, गांजा और अवैध शराब जब्त कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
एमडी ड्रग्स मामले में बड़ी कार्रवाई
क्राइम ब्रांच ने गोविंदपुरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.14 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत लगभग 2 लाख रुपये) के साथ तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी कस्तूरबा अस्पताल के सामने सब्जी मंडी के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर हर्ष यादव और सौरभ तेजवानी को पकड़ा, जिनके पास से एमडी ड्रग्स, एक्टिवा और मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि यह ड्रग्स गुरदीप सिंह से खरीदी गई थी, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गांजा बेचने वाली महिला गिरफ्तार
इसी क्रम में थाना तलैया पुलिस ने केवड़े के बाग क्षेत्र से एक महिला आरोपी लक्ष्मी सौदा (35 वर्ष) को 211 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। जब्त गांजे की कीमत करीब 3000 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 08/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
अवैध शराब तस्करी पर प्रहार
वहीं, क्राइम ब्रांच ने अवैध शराब तस्करी पर भी सख्त कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट डिजायर कार से 90 लीटर देशी शराब जब्त की। इस मामले में आरोपी विशाल मेहरा को मौके से गिरफ्तार किया गया। जब्त शराब की कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी बिना लाइसेंस शराब परिवहन कर रहा था, जिसके खिलाफ धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

