मध्य प्रदेश विधानसभा की नवगठित समितियों की पहली संयुक्त बैठक संपन्न, कार्यों की औपचारिक शुरुआत
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा की नवगठित समितियों की पहली संयुक्त बैठक आज मानसरोवर सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने की।

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित सभी समितियों के सदस्य शामिल हुए।
वर्ष 2026-27 के लिए गठित कुल 19 समितियों, जिनमें 4 वित्तीय समितियां शामिल हैं, के कामकाज की औपचारिक शुरुआत इस बैठक के साथ हो गई। बैठक में समितियों की कार्यप्रणाली, दायित्व और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि समितियां लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का अहम माध्यम हैं और इनके जरिए शासन के कामकाज की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित होती है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि समितियां पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करेंगी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगी।
इस बैठक के साथ ही नवगठित समितियों ने अपने कार्यों की औपचारिक शुरुआत कर दी है, जिससे विधानसभा की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

