लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी, महिलाओं के खातों में पहुंचे 1500 रुपये

भोपाल
मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने 12 जुलाई को भिंड जिले के लहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी (Ladli Behna Yojana 38th Installment) की। इस अवसर पर पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 1,500 रुपये की राशि भेजी गई।मुख्यमंत्री ने मंच से प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को सिंगल क्लिक से 1835 करोड़ राशि ट्रांसफर की।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल
मध्य प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना (Ladli Behna Yojana) का संचालन कर रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने के साथ परिवार में उनकी निर्णायक भूमिका को मजबूत करना है।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
योजना का लाभ 21 से 60 वर्ष आयु वर्ग की विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाओं को दिया जाता है। इसके लिए लाभार्थी के परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। योजना के लिए पात्र महिलाएं ऑनलाइन या ग्राम पंचायत एवं वार्ड कार्यालयों के माध्यम से पंजीकरण करा सकती हैं।

ऐसे चेक करें पेमेंट स्टेटस
यदि लाभार्थी यह जानना चाहती हैं कि किस्त की राशि उनके खाते में पहुंची है या नहीं, तो वे मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “आवेदन और भुगतान की स्थिति” विकल्प चुनें। इसके बाद आवेदन क्रमांक या समग्र आईडी दर्ज करें, मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी भरकर सबमिट करें। इसके बाद स्क्रीन पर भुगतान की स्थिति दिखाई दे जाएगी।

इन तरीकों से भी कर सकते हैं जांच
लाभार्थी अपने बैंक की पासबुक अपडेट कराकर खाते में राशि की एंट्री देख सकते हैं। बैंक के मिस्ड कॉल नंबर के जरिए भी बैलेंस की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

इसके अलावा यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आधार बैंक खाते से लिंक हो और डीबीटी (DBT) सुविधा सक्रिय हो। आवश्यकता पड़ने पर आधार की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से बैंक लिंकिंग स्टेटस भी जांचा जा सकता है।

 

MP परिवहन विभाग में 25 अधिकारियों को पदोन्नति, 2 साल का प्रोबेशन पीरियड रहेगा लागू

भोपाल.

परिवहन विभाग ने राज्य शासन स्तर द्वारा नियुक्त 25 सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों को पदोन्नति (MP Promotion) देकर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी-परिक्षेत्रीय जिला परिवहन अधिकारी के पद पर नियुक्त किया है।

परिवहन आयुक्तालय के आदेश अनुसार यह पदोन्नति मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1961 के तहत दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि के लिए होगी।

जितेन्द्र कुमार शर्मा बने सीनियर डीटीओ
साथ ही यह पदोन्नति मध्यप्रदेश लोक सेवा आरक्षण अधिनियम 1994 के प्रावधानों के अनुसार की गई है। पदोन्नत अधिकारियों में भोपाल में सहायक आरटीओ के पद पर पदस्थ जितेन्द्र कुमार शर्मा को अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी-सीनियर डीटीओ बनाया गया है।

किन लोगों को मिला प्रमोशन?
इसके अलावा जिन लोगों को प्रमोशन मिला है, उनमें रमा दुबे, सुनील कुमार शुक्ला, विमलेश कुमार गुप्ता, विक्रम सिंह राठौर, मनोज कुमार तेहनगुरिया, राजेश गुप्ता, रंजना कुशवाह, जगदीश बिल्लोरे, ज्ञानेंद्र वैश्य, सुरेंद्र सिंह गौतम, देवेश बाथम, अनुराग शुक्ला, रीतेश तिवारी, रितु अग्रवाल, दीपक मांझी, हृदेश यादव, जया बसावा, बरखा गौड़, रिंकू शर्मा, मनीष कुमार त्रिपाठी, स्वाति पाठक, आशुतोष सिंह भदौरिया, अनिमेष गढपाल और कृतिका मोहटा का नाम शामिल हैं।

ट्विषा शर्मा केस में बड़ा अपडेट, दिल्ली AIIMS की पोस्टमार्टम रिपोर्ट CBI को सीलबंद लिफाफे में सौंपी

भोपाल.

पूर्व मॉडल व अभिनेत्री त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले की जांच में अहम प्रगति हुई है। एम्स, नई दिल्ली ने दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सीबीआई को सौंप दी है। यह रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में जांच एजेंसी को दी गई है, जिसकी जानकारी फिलहाल केवल सीबीआई के पास है।

मामले की अगली सुनवाई 14 जुलाई को होगी और इसी रिपोर्ट के आधार पर अदालत में आगे की कार्रवाई होगी।

सीलबंद लिफाफे में रिपोर्ट
पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता अंकुर पांडेय ने बताया कि दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सीबीआई को सौंप दी गई है। रिपोर्ट में क्या निष्कर्ष हैं, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि 14 जुलाई को होने वाली सुनवाई इसी रिपोर्ट के आधार पर होगी।

12 मई को त्विषा की हो गई थी मौत
गौरतलब है कि 12 मई को कटारा हिल्स भोपाल स्थित ससुराल में त्विषा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। शुरुआती जांच पर सवाल उठने के बाद मामला सीबीआई को सौंपा। जांच के दौरान सीबीआई ने पति समर्थ सिंह और उनकी मां, पूर्व जिला न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार किया था। दोनों वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। अब 14 जुलाई की सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

भोपाल के सबसे गर्म इलाकों की तपिश घटाने 5 करोड़ का हीट एक्शन प्लान तैयार

भोपाल.

तेजी से बढ़ते कंक्रीटीकरण और शहरीकरण के कारण भोपाल के कई हिस्से ‘अर्बन हीट आइलैंड’ में बदल चुके हैं। इन इलाकों का तापमान आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।

बढ़ती गर्मी से शहर को राहत दिलाने के लिए भोपाल नगर निगम ने एक महत्वाकांक्षी ‘हीट एक्शन प्लान’ तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा है। केंद्र से अंतिम मंजूरी मिलते ही इस परियोजना के लिए 5 करोड़ रुपये का विशेष अनुदान जारी किया जाएगा। इसके बाद अगले 15 महीनों में योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

‘हीट रेजिलिएंट सिटीज’ पहल का हिस्सा
यह परियोजना केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ‘हीट रेजिलिएंट सिटीज’ पहल का हिस्सा है। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए देश के 12 शहरों का चयन किया गया है। इनमें भोपाल, गुरुग्राम, देहरादून, नाशिक, दिल्ली, लुधियाना, पुणे, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, पटना और जयपुर शामिल हैं। इस योजना का उद्देश्य शहरों में बढ़ते तापमान के प्रभाव को कम करना, हरित क्षेत्र बढ़ाना, गर्मी से बचाव के उपायों को मजबूत करना और नागरिकों के लिए अधिक अनुकूल शहरी वातावरण विकसित करना है।

सैटेलाइट से होगी मैपिंग
इस कार्ययोजना के अंतर्गत सबसे आधुनिक तकनीक और सैटेलाइट डेटा का उपयोग करके भोपाल के सबसे गर्म हिस्सों (हॉट-स्पॉट्स) की पहचान की जाएगी। इसके तहत शहर के प्रमुख व्यावसायिक और घने कंक्रीट वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्य रूप से शामिल हैं:
जवाहर चौक, कोलार, एमपी नगर, न्यू मार्केट, हमीदिया रोड, करोंद, बैरागढ़ और अयोध्या बायपास।

इन 4 मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित होगा काम
शहर के तापमान को नियंत्रित करने के लिए मुख्यतः चार मोर्चों पर काम किया जाएगा:
कूल रूफ तकनीक: इमारतों की छतों पर सूर्य की तपिश और तापमान को कम करने वाली विशेष ‘कूल रूफ’ तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा।
सैटेलाइट आधारित हीट मैप: इसके जरिए शहर के विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों के तापमान के मिजाज की सटीक व रीयल-टाइम निगरानी की जाएगी।
ग्रीन कवर बढ़ाना: कंक्रीट के जंगलों के बीच सार्वजनिक स्थानों पर सघन और छायादार हरित क्षेत्र (ग्रीन जोन) विकसित किए जाएंगे।
जल स्रोतों का पुनर्जीवन: स्थानीय तालाबों, बावड़ियों और कुओं का संरक्षण व जीर्णोद्धार कर शहर की प्राकृतिक ठंडक को वापस लौटाया जाएगा।

बढ़ते तापमान से जुलाई की बारिश घटी, बदला वेदर ट्रेंड
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जलवायु और मौसम में आ रहे बदलावों के कारण पिछले 10 वर्षों में भोपाल में जुलाई की सामान्य बारिश 400.1 मिमी से घटकर अब 363.8 मिमी रह गई है। हालांकि, कुल कोटे का पानी कम नहीं हुआ है, बल्कि बारिश का ट्रेंड बदल गया है। अब कुछ ही घंटों में बेहद तेज बारिश हो जाती है और फिर लंबे समय तक सूखा रहता है, जिससे मिट्टी जल्दी सूख जाती है। वहीं, शहर का न्यूनतम तापमान भी औसतन 1°C तक बढ़ गया है। वहीं, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस ‘हीट एक्शन प्लान’ की सफलता के साथ-साथ शहर के अनियंत्रित विस्तार पर नियंत्रण लगाना, बड़े और प्राचीन वृक्षों का संरक्षण करना तथा डेंस ग्रीन जोन (सघन वन क्षेत्रों) के निर्माण पर समानांतर रूप से काम करना बेहद जरूरी है।

हांगकांग में शपथ के बाद भोपाल लौटे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर महेश मालवीय

 
भोपाल
लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 G-2 के नवनियुक्त डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लॉयन महेश मालवीय एवं फर्स्ट लेडी लॉयन गायत्री महेश मालवीय ने हांगकांग में आयोजित लायंस इंटरनेशनल कन्वेंशन में शपथ ग्रहण किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उन्हें आधिकारिक मैडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विश्वस्तरीय इस सम्मेलन में 200 से अधिक देशों एवं भौगोलिक क्षेत्रों से लायन प्रतिनिधियों एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने सहभागिता की। शपथ ग्रहण उपरांत भोपाल आगमन पर राजा भोज विमानतल पर लायंस क्लब ऑफ भोपाल ग्लोरियस के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लॉयन महेश मालवीय को उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। क्लब सदस्यों ने इसे डिस्ट्रिक्ट 3233 G-2 तथा मध्यप्रदेश के समस्त लॉयन परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया।

स्वागत समारोह में क्लब के अध्यक्ष लॉयन प्रकाश पाटिल, सचिव लॉयन कमलेश विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष लॉ. अमित जैन, ,  डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन (Edu) लॉ. दीपक गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर लॉ. मुनीन्द्र वैद्य, डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर लॉ. हरिओम जटिया, डिस्ट्रिक्ट प्रोटोकॉल ऑफिसर लॉ. अजीम भाई, पीआरओ लॉ. संजय गुप्ता सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने नवगठित डिस्ट्रिक्ट नेतृत्व के प्रति अपना पूर्ण सहयोग एवं सेवा कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए आगामी सेवा वर्ष में समाजहित एवं मानव सेवा के विभिन्न प्रकल्पों को नई ऊर्जा के साथ समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का विश्वास व्यक्त किया।

CM मोहन यादव के भिंड दौरे में बदलाव, लहार सम्मेलन के बाद करेंगे दंदरौआ धाम के दर्शन

ग्वालियर.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भिंड दौरे के कार्यक्रम में देर रात संशोधन किया गया है। पहले लहार सम्मेलन के बाद सीधे ग्वालियर लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन अब वे मेहगांव विधानसभा क्षेत्र स्थित दंदरौआ धाम भी जाएंगे।

वहां हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद ग्वालियर रवाना होंगे। मुख्यमंत्री रविवार दोपहर 1:35 बजे हेलीकॉप्टर से लहार पहुंचेंगे। सबसे पहले वे लहार विधायक अम्बरीष शर्मा की माताजी स्वर्गीय अरुणा देवी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे नगर में रोड शो करते हुए भाटन लाल मैदान पहुंचेंगे, जहां लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होकर योजना की 38वीं किस्त जारी करेंगे।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम 4.30 बजे लहार हेलीपैड से रवाना होकर दंदरौआ धाम पहुंचेंगे। वहां पूजा-अर्चना के बाद शाम 5.35 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

RPSC परीक्षा के लिए कोटा मंडल चलाएगा चार स्पेशल अनारक्षित ट्रेनें

जबलपुर
 राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2026 दिनांक 12 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल द्वारा 12 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन दो जोड़ी (कुल चार) परीक्षा स्पेशल अनारक्षित रेलगाड़ियों का संचालन किया जाएगा।

गाड़ी संख्या 09803/09804 अकलेरा-कोटा-अकलेरा तथा गाड़ी संख्या 09802/09801 छबड़ा गुगोर-सोगरिया-छबड़ा गुगोर के मध्य परीक्षा स्पेशल अनारक्षित गाड़ियों का संचालन किया जाएगा।

गाड़ी संख्या 09803, अकलेरा-कोटा परीक्षा स्पेशल
 अकलेरा से प्रातः 03:05 बजे प्रस्थान कर अमेठा (03:15), जूनाखेड़ा (03:36), झालरापाटन (03:48), झालावाड़ सिटी (03:56), जुल्मी (04:12), रामगंज मंडी (04:25), मोड़क (04:36), कंवलपुरा (04:44), दरा (04:59), रावठा रोड (05:11), अलनिया (05:22), दाढ़देवी (05:34) तथा न्यू कोटा (05:43) होते हुए 06:25 बजे कोटा पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 09804, कोटा-अकलेरा परीक्षा स्पेशल
कोटा से रात्रि 20:30 बजे प्रस्थान कर न्यू कोटा (20:47),दाढ़देवी (20:57), अलनिया (21:06), रावठा रोड (21:17), दरा (21:29), कंवलपुरा (21:40), मोड़क (21:50), रामगंज मंडी (22:00), जुल्मी (22:15), झालावाड़ सिटी (22:30), झालरापाटन (22:43), जूनाखेड़ा (23:08) तथा अमेठा (23:23) होते हुए 00:25 बजे अकलेरा पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 09802, छबड़ा गुगोर-सोगरिया परीक्षा स्पेशल
छबड़ा गुगोर से प्रातः 04:30 बजे प्रऊस्थान कर केशोली (04:38), सालपुरा (04:46), अटरू (05:00), पिपलोद रोड (05:09), छजावा (05:19), बारां (05:30), सुन्दलक (05:42), बिजौरा (05:50), अन्ता (06:03), भौंरा (06:19), श्री कल्याणपुरा (06:30), दिगोद (06:44) तथा चन्द्रेसल(06:55) होते हुए 07:30 बजे सोगरिया पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 09801, सोगरिया-छबड़ा गुगोर परीक्षा स्पेशल
सोगरिया से सायं 19:15 बजे प्रस्थान कर चन्द्रेसल  (19:21), दिगोद (19:30), श्री कल्याणपुरा (19:38), भौंरा (19:46), अन्ता (19:59), बिजौरा (20:10), सुन्दलक (20:18), बारां (20:26), छजावा (20:41), पिपलोद रोड (20:51), अटरू (21:00), सालपुरा (21:15) तथा केशोली (21:30) होते हुए 22:00 बजे छबड़ा गुगोर पहुंचेगी

इन परीक्षा स्पेशल गाड़ियों के संचालन से झालावाड़, बारां एवं आसपास के क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को कोटा स्थित परीक्षा केन्द्रों तक समय पर एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध होगी। रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान इन विशेष गाड़ियों का अधिकाधिक उपयोग करें तथा नियमित ट्रेनों में अनावश्यक भीड़ बढ़ाने से बचें। भीड़ प्रबंधन के लिए प्रमुख स्टेशनों पर टिकट जांच कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई है। सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे वैध रेल टिकट लेकर ही यात्रा करें।

गाड़ियों की वास्तविक स्थिति की जानकारी यात्री एनटीईएस ऐप अथवा www.enquiry.indianrail.gov.in के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।

 

MP में एथनॉल के नाम पर 242 क्विंटल चावल हेराफेरी, 8 राइस मिलर जांच के घेरे में

बालाघाट.

मध्य प्रदेश के बालाघाट व सिवनी जिलों में एथनॉल उत्पादन के नाम पर फोर्टिफाइड चावल की हेराफेरी का मामला सामने आया है। इसमें आठ राइस मिलरों को नोटिस दिया गया है। साथ ही 13 संदिग्ध लोगों पर एफआइआर करवाने की तैयारी है। मामले की जांच एसआइटी कर रही है।

यदि ऐसी हेरफेर इन जिलों में हुआ होगा तो घोटाला बड़ा हो सकता है। बता दें, सामान्य चावल में आवश्यक विटामिन और खनिज (जैसे आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन बी-12) को मिलाकर तैयार पोषणयुक्त चावल को फोर्टिफाइड कहा जाता है। यह आंगनवाड़ी केंद्रों व कन्या छात्रावासों में वितरित किया जाता है।

50 से अधिक संदिग्धों से हो रही पूछताछ
मामला तीन जून को बालाघाट में 242 क्विंटल चावल का ट्रक वारासिवनी के संचेती राइस मिल परिसर में पकड़े जाने से सामने आया। ट्रक बालाघाट के नवेगांव स्थित एफसीआइ के गोदाम से छिंदवाड़ा के बोरगांव स्थिति एवीजी एग्रीको एथनाल प्लांट के लिए निकला था। जांच के बाद इससे जुड़े ट्रक चालक दुर्गेश शेंडे, एथनाल प्लांट के एजेंट राहुल प्रताप, सुपरवाइजर राकेश श्रीवास्तव और सिवनी के ट्रांसपोर्टर उबेद खान को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि ट्रक संचेती राइस मिल में खाली करवाया गया। मालिक सौरभ संचेती और उसके पिता गंभीर संचेती फरार हैं। जांच आगे बढ़ी तो करीब एक हफ्ते बाद दो ट्रक सिवनी की एक राइस मिल में खाली मिले। हेराफेरी की तह तक जाने 50 से अधिक ट्रक मालिक, ट्रक चालक, राइस मिलर, प्लांट प्रबंधन के लोगों से पूछताछ जारी है।

अब तक 17 ट्रक जब्त किए गए
बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा के मुताबिक अब तक 17 ट्रक जब्त किए हैं, इनकी चावल की हेराफेरी में संलिप्तता है। बालाघाट के राजनीतिक रसूख वाले राइस मिलर के नाम भी सामने आए हैं। आशंका है कि 17 जिलों के 22 एथनाल प्लांटों को करीब 1100 करोड़ रुपये का चावल आवंटित किया गया है।

धार भोजशाला केस: मुस्लिम पक्ष सभी लंबित याचिकाओं को एक साथ जोड़ने की करेगा मांग

धार.

धार के ऐतिहासिक भोजशाला प्रकरण में 14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में संभावित सुनवाई से पहले मुस्लिम पक्ष ने अपनी कानूनी तैयारियां तेज कर दी हैं। कमाल मौला वेलफेयर सोसायटी का कहना है कि वह 13 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में मामले का मेंशन कर सभी लंबित याचिकाओं को एक साथ सूचीबद्ध करने का अनुरोध करेगी, ताकि विभिन्न अदालतों में लंबित मामलों की समग्र सुनवाई हो सके।

सुप्रीम कोर्ट में हिंदू पक्ष ने पहले ही कैविएट दायर कर दी है। इस दशा में सुप्रीम कोर्ट हिंदू पक्ष की दलील सुने बिना कोई अंतरिम राहत या स्थगन (स्टे) आदेश पारित नहीं करेगा। धार के बहुचर्चित भोजशाला प्रकरण में एक बार फिर कानूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। 14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में संभावित सुनवाई को देखते हुए मुस्लिम पक्ष अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुट गया है। इस सिलसिले में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के साथ समन्वय भी किया जा रहा है।

कमाल मौला वेलफेयर सोसायटी के सदर अब्दुल समद ने बताया कि आज सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में मामले का मेंशन कराया जाएगा। उनका कहना है कि उनकी मांग रहेगी कि भोजशाला विवाद से जुड़ी विभिन्न अदालतों में लंबित सभी याचिकाओं और प्रकरणों को एक साथ सूचीबद्ध कर सुनवाई की जाए, जिससे अलग-अलग स्तर पर लंबित मामलों का समग्र निराकरण हो सके।

उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में मुस्लिम समाज पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत अपनी तैयारी कर रहा है। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं भी आवश्यक कानूनी सहयोग उपलब्ध करा रही हैं। उनका कहना है कि उद्देश्य केवल यह है कि सभी संबंधित पक्षों की दलीलें एक ही मंच पर सुनी जाएं और न्यायिक प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।

दतिया टिकट विवाद के बाद नरोत्तम मिश्रा नरम पड़े, बीजेपी उम्मीदवार का करेंगे समर्थन।

भोपल
मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव हो रहे हैं. इन उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मध्य प्रदेश सरकार में कभी नंबर दो यानी गृह मंत्री रह चुके नरोत्तम मिश्रा का टिकट काट दिया है. बीजेपी ने नरोत्तम की जगह एक अन्य ब्राह्मण चेहरे आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है. पार्टी की ओर से यह ऐलान किए जाने के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थक भड़क उठे.

दतिया उपचुनाव में टिकट कटने के बाद समर्थक हिंसक प्रोटेस्ट पर उतर आए. चर्चे नरोत्तम के निर्दलीय ही चुनाव मैदान में उतरने के भी होने लगे. शिवसेना (यूबीटी) ने तो यहां तक ऑफर दे दिया कि मशाल पर चुनाव लड़िए, उद्धव ठाकरे खुद प्रचार करने दतिया आएंगे. पिछले दो दिन से बनी असमंजस की स्थित के बीच नरोत्तम मिश्रा के सुर अब नरम पड़ते नजर आ रहे हैं.

नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुलाकात की थी. अब नरोत्तम मिश्रा दिल्ली रवाना हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह नरोत्तम मिश्रा ने पहली फ्लाइट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी.

चर्चा है कि दिल्ली में नरोत्तम मिश्रा बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर सकते हैं. नितिन नवीन के साथ उनकी मुलाकात के दौरान दतिया के हालिया घटनाक्रम पर चर्चा हो सकती है. एक दिन पहले सीएम मोहन यादव और पार्टी के अन्य प्रमुख नेताओं के साथ बैठक के बाद नरोत्तम मिश्रा के तेवर बदले नजर आ रहे हैं.

उन्होंने संगठन को सर्वोपरि बताते हुए इस बात का ऐलान कर दिया कि वह दतिया सीट से बीजेपी उम्मीदवार आशीष तिवारी के नामांकन में शामिल रहेंगे. नरोत्तम मिश्रा ने मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रमुख नेताओं से मुलाकात के बाद कहा कि बैठक में अच्छी चर्चा हुई. हमने दतिया में जीत सुनिश्चित करने को लेकर बातचीत की. उन्होंने दतिया में बीजेपी की जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा. अपने समर्थकों से कहा है कि धैर्य और शांति बनाए रखें. नरोत्तम मिश्रा ने यह भी कहा कि दतिया पहुंचकर आशुतोष तिवारी के नामांकन में मौजूद रहूंगा.

वहीं, मध्य प्रदेश बीजेपी के अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी ने आशुतोष तिवारी को टिकट दिया है. कुछ कार्यकर्ताओं ने इस्तीफे दिए हैं, लेकिन कोई इस्तीफा मुझे नहीं मिला है. उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व ने तय किया है कि कोई भी इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा. नरोत्तम मिश्रा को बीजेपी का वरिष्ठ नेता बताते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हम उनके ही मार्गदर्शन में चुनाव लड़ेंगे और बड़े अंतर से जीतेंगे.

एमपी बीजेपी ने भी बयान जारी कर बैठक में चुनाव की तैयारियों और संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की जानकारी दी. एमपी बीजेपी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बैठक में यह तय किया गया कि संगठन सबसे ऊपर है और बीजेपी के सभी कार्यकर्ता पार्टी के निर्णय के साथ मजबूती से खड़े हैं. कुछ कार्यकर्ताओं ने भावनाओं में आकर इस्तीफे दिए हैं, जिन्हें स्वीकार नहीं किया जाएगा. सभी मिलकर आशुतोष तिवारी को विजयी बनाने के लिए काम करेंगे.

बैठक के बाद नरोत्तम मिश्रा के बयान में अच्छी चर्चा, धीरे-धीरे सब ठीक हो जाएगा जैसे शब्दों का होना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि उनको सम्मानजनक तरीके से कहीं एडजस्ट करने का आश्वासन सरकार और संगठन की ओर से मिला है. इससे पहले, मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने उम्मीदवार बदलने के कयासों पर विराम लगाते हुए कहा था कि बीजेपी में इस तरह की परंपरा नहीं है.

दतिया चैप्टर पर कांग्रेस ने घेरा
वहीं, दतिया में बीजेपी उम्मीदवार के ऐलान के बाद घटनाक्रम पर विपक्षी कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है. मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए कहा कि बीजेपी चुनाव हारने जा रही है. बीजेपी ने लोकतंत्र की हत्या के लिए कोर्ट का इस्तेमाल किया. उन्होंने भरोसा जताया कि दतिया की जनता कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को हटाने की साजिश का जवाब देगी.

जीतू पटवारी ने दतिया में नरोत्तम समर्थकों के हिंसक प्रोटेस्ट को लेकर प्रशासन पर भी तीखा हमला बोला और कहा कि जो जिलाधिकारी-पुलिस अधीक्षक कानून-व्यवस्था नहीं संभाल पा रहे हैं, उन्हें हटाया जाना चाहिए. कांग्रेस सांसद जेबी माथेर ने भी तंज करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी बनाम बीजेपी की लड़ाई साफ दिखाई दे रही है. यह लोकतांत्रिक पार्टी नहीं है, जहां कार्यकर्ता अपनी बात रख सकें. असंतोष सड़कों पर दिखाई दे रहा है.

दतिया में 30 जुलाई को उपचुनाव
मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर 2023 के चुनाव में नरोत्तम मिश्रा को कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने हरा दिया था. राजेंद्र भारती को पिछले दिनों धोखाधड़ी के मामले में दोषसिद्धि के बाद विधानसभा की सदस्यता के अयोग्य ठहरा दिया गया था. राजेंद्र भारती की अयोग्यता के बाद रिक्त हुई दतिया सीट के लिए उपचुनाव हो रहे हैं. उपचुनाव में कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया है. मतदान 30 जुलाई को होगा और नतीजे 3 अगस्त को आने हैं.
 

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu