राजनांदगांव में शहादत दिवस पर तत्कालीन SP विनोद कुमार चौबे समेत 29 वीर जवानों को श्रद्धांजलि

राजनांदगाँव.

अविभाजित राजनांदगांव जिले के मानपुर क्षेत्र में 12 जुलाई वर्ष 2009 को नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में जिले के तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे सहित 29 पुलिस जवानों की शहादत हो गई थी। उनकी शहादत की बरसी पर वीर शहीदों को नमन करने प्रतिवर्ष की भांति आज भी पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

अविभाजित राजनांदगांव जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र मानपुर के कोरकोट्टी, सीता गांव और मदनवाड़ा में नक्सलियों के हमले में अपनी जान गंवाने वाले तत्कालीन एसपी विनोद कुमार चौबे सहित 29 अन्य पुलिस जवानों के तैल चित्र पर कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और शहादत को नमन किया। कार्यक्रम में मौजूद स्वर्गीय एसपी विनोद चौबे की पत्नी रंजना चौबे ने कहा कि यह दिन काफी भावुक और गर्व करने वाला दिन है, उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी शहीदों की कुर्बानी याद रखें और अमन-शांति कायम रहे। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद खत्म हो गया है, अब भय और हिंसा मुक्त राज्य होने से और ज्यादा प्रगति होगी।

इस दौरान मौजूद सांसद संतोष पांडे ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वर्ष 2009 से अब काफी परिवर्तन आया है, नक्सलवाद समाप्त हो चुका है। गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संकल्प से प्रदेश नक्सलमुक्त हुआ है। श्रद्धांजलि सभा में भूतपूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव,पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम, सहकारी बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शहीद परिवार और पुलिस परिवार के लोग सहित स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

भोपाल के सबसे गर्म इलाकों की तपिश घटाने 5 करोड़ का हीट एक्शन प्लान तैयार

भोपाल.

तेजी से बढ़ते कंक्रीटीकरण और शहरीकरण के कारण भोपाल के कई हिस्से ‘अर्बन हीट आइलैंड’ में बदल चुके हैं। इन इलाकों का तापमान आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।

बढ़ती गर्मी से शहर को राहत दिलाने के लिए भोपाल नगर निगम ने एक महत्वाकांक्षी ‘हीट एक्शन प्लान’ तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा है। केंद्र से अंतिम मंजूरी मिलते ही इस परियोजना के लिए 5 करोड़ रुपये का विशेष अनुदान जारी किया जाएगा। इसके बाद अगले 15 महीनों में योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।

‘हीट रेजिलिएंट सिटीज’ पहल का हिस्सा
यह परियोजना केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ‘हीट रेजिलिएंट सिटीज’ पहल का हिस्सा है। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए देश के 12 शहरों का चयन किया गया है। इनमें भोपाल, गुरुग्राम, देहरादून, नाशिक, दिल्ली, लुधियाना, पुणे, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, पटना और जयपुर शामिल हैं। इस योजना का उद्देश्य शहरों में बढ़ते तापमान के प्रभाव को कम करना, हरित क्षेत्र बढ़ाना, गर्मी से बचाव के उपायों को मजबूत करना और नागरिकों के लिए अधिक अनुकूल शहरी वातावरण विकसित करना है।

सैटेलाइट से होगी मैपिंग
इस कार्ययोजना के अंतर्गत सबसे आधुनिक तकनीक और सैटेलाइट डेटा का उपयोग करके भोपाल के सबसे गर्म हिस्सों (हॉट-स्पॉट्स) की पहचान की जाएगी। इसके तहत शहर के प्रमुख व्यावसायिक और घने कंक्रीट वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्य रूप से शामिल हैं:
जवाहर चौक, कोलार, एमपी नगर, न्यू मार्केट, हमीदिया रोड, करोंद, बैरागढ़ और अयोध्या बायपास।

इन 4 मुख्य बिंदुओं पर केंद्रित होगा काम
शहर के तापमान को नियंत्रित करने के लिए मुख्यतः चार मोर्चों पर काम किया जाएगा:
कूल रूफ तकनीक: इमारतों की छतों पर सूर्य की तपिश और तापमान को कम करने वाली विशेष ‘कूल रूफ’ तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा।
सैटेलाइट आधारित हीट मैप: इसके जरिए शहर के विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों के तापमान के मिजाज की सटीक व रीयल-टाइम निगरानी की जाएगी।
ग्रीन कवर बढ़ाना: कंक्रीट के जंगलों के बीच सार्वजनिक स्थानों पर सघन और छायादार हरित क्षेत्र (ग्रीन जोन) विकसित किए जाएंगे।
जल स्रोतों का पुनर्जीवन: स्थानीय तालाबों, बावड़ियों और कुओं का संरक्षण व जीर्णोद्धार कर शहर की प्राकृतिक ठंडक को वापस लौटाया जाएगा।

बढ़ते तापमान से जुलाई की बारिश घटी, बदला वेदर ट्रेंड
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जलवायु और मौसम में आ रहे बदलावों के कारण पिछले 10 वर्षों में भोपाल में जुलाई की सामान्य बारिश 400.1 मिमी से घटकर अब 363.8 मिमी रह गई है। हालांकि, कुल कोटे का पानी कम नहीं हुआ है, बल्कि बारिश का ट्रेंड बदल गया है। अब कुछ ही घंटों में बेहद तेज बारिश हो जाती है और फिर लंबे समय तक सूखा रहता है, जिससे मिट्टी जल्दी सूख जाती है। वहीं, शहर का न्यूनतम तापमान भी औसतन 1°C तक बढ़ गया है। वहीं, मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस ‘हीट एक्शन प्लान’ की सफलता के साथ-साथ शहर के अनियंत्रित विस्तार पर नियंत्रण लगाना, बड़े और प्राचीन वृक्षों का संरक्षण करना तथा डेंस ग्रीन जोन (सघन वन क्षेत्रों) के निर्माण पर समानांतर रूप से काम करना बेहद जरूरी है।

हांगकांग में शपथ के बाद भोपाल लौटे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर महेश मालवीय

 
भोपाल
लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 G-2 के नवनियुक्त डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लॉयन महेश मालवीय एवं फर्स्ट लेडी लॉयन गायत्री महेश मालवीय ने हांगकांग में आयोजित लायंस इंटरनेशनल कन्वेंशन में शपथ ग्रहण किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में उन्हें आधिकारिक मैडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। विश्वस्तरीय इस सम्मेलन में 200 से अधिक देशों एवं भौगोलिक क्षेत्रों से लायन प्रतिनिधियों एवं डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स ने सहभागिता की। शपथ ग्रहण उपरांत भोपाल आगमन पर राजा भोज विमानतल पर लायंस क्लब ऑफ भोपाल ग्लोरियस के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लॉयन महेश मालवीय को उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल हेतु शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। क्लब सदस्यों ने इसे डिस्ट्रिक्ट 3233 G-2 तथा मध्यप्रदेश के समस्त लॉयन परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया।

स्वागत समारोह में क्लब के अध्यक्ष लॉयन प्रकाश पाटिल, सचिव लॉयन कमलेश विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष लॉ. अमित जैन, ,  डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन (Edu) लॉ. दीपक गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर लॉ. मुनीन्द्र वैद्य, डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर लॉ. हरिओम जटिया, डिस्ट्रिक्ट प्रोटोकॉल ऑफिसर लॉ. अजीम भाई, पीआरओ लॉ. संजय गुप्ता सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने नवगठित डिस्ट्रिक्ट नेतृत्व के प्रति अपना पूर्ण सहयोग एवं सेवा कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर का गर्मजोशी से अभिनंदन करते हुए आगामी सेवा वर्ष में समाजहित एवं मानव सेवा के विभिन्न प्रकल्पों को नई ऊर्जा के साथ समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का विश्वास व्यक्त किया।

CM मोहन यादव के भिंड दौरे में बदलाव, लहार सम्मेलन के बाद करेंगे दंदरौआ धाम के दर्शन

ग्वालियर.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भिंड दौरे के कार्यक्रम में देर रात संशोधन किया गया है। पहले लहार सम्मेलन के बाद सीधे ग्वालियर लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन अब वे मेहगांव विधानसभा क्षेत्र स्थित दंदरौआ धाम भी जाएंगे।

वहां हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद ग्वालियर रवाना होंगे। मुख्यमंत्री रविवार दोपहर 1:35 बजे हेलीकॉप्टर से लहार पहुंचेंगे। सबसे पहले वे लहार विधायक अम्बरीष शर्मा की माताजी स्वर्गीय अरुणा देवी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे नगर में रोड शो करते हुए भाटन लाल मैदान पहुंचेंगे, जहां लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होकर योजना की 38वीं किस्त जारी करेंगे।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम 4.30 बजे लहार हेलीपैड से रवाना होकर दंदरौआ धाम पहुंचेंगे। वहां पूजा-अर्चना के बाद शाम 5.35 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

वियतनाम बोट हादसे में 15 भारतीयों की मौत, कंपनी ट्रिप बनी दर्दनाक

नई दिल्ली
वियतनाम के फू कुओक द्वीप पर शनिवार को भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक टूरिस्ट बोट समुद्र में पलट गई. इस हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई. अब खुलासा हुआ है कि ये सभी लोग कंपनी ट्रिप पर गए थे. ये लोग एक स्मार्टफोन बनाने वाली भारतीय कंपनी के कर्मचारी और चैनल पार्टनर्स थे.

दरअसल कंपनी ने अपने डीलर्स और वितरकों के लिए इस ‘रिवॉर्ड ट्रिप’ का आयोजन किया था. कंपनी ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि जान गंवाने वालों में 14 चैनल पार्टनर्स और एक कंपनी का कर्मचारी शामिल है. ये सभी लोग तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरलम के रहने वाले थे.

मोबाइल कंपनी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है. कंपनी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पीड़ित परिवारों की मदद करना और शवों को जल्द से जल्द भारत लाना है.

आखिरी वीडियो कॉल और वो दर्दनाक मंजर
इस हादसे में तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के रहने वाले शेख अब्दुल्ला अब्दुल मजीद (54) की भी मौत हो गई. वो मोबाइल कंपनी के चैनल पार्टनर थे. उनके परिजनों ने बताया कि नाव पर सवार होने से कुछ समय पहले ही अब्दुल्ला ने अपनी पत्नी, बेटे और पोती से वीडियो कॉल पर बात की थी. उन्होंने कहा था कि वो एक ऐसे द्वीप पर जा रहे हैं जहां मोबाइल नेटवर्क नहीं रहेगा और लौटकर दोबारा फोन करेंगे. लेकिन वो उनकी आखिरी बात बन गई.

हादसे में बचे तमिलनाडु के पलानी निवासी निर्मल कुमार ने बताया कि समुद्र की ऊंची लहरों और ओवरलोडिंग के कारण स्पीडबोट महज कुछ सेकेंड में पलट गई. वहीं, आंध्र प्रदेश के गुंटूर के मोबाइल कंपनी के डिस्ट्रीब्यूटर आशीष कुमार ने बताया, ‘दोपहर करीब 1:30 बजे नाव होन मे रुत नगोई द्वीप से कुछ ही मीटर आगे बढ़ी थी. हम सब तस्वीरें ले रहे थे कि अचानक नाव एक तरफ झुक गई और पलट गई. हर तरफ चीख-पुकार मच गई.’

शवों को भारत लाने की कोशिश में जुटी सरकार
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और कई मुख्यमंत्रियों ने शोक जताया है. तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल की सरकारें केंद्र सरकार के साथ मिलकर शवों को वापस लाने की कोशिशों में जुटी हैं. वहीं वियतनाम प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है.

हैनोई में भारतीय दूतावास के मुताबिक, नाव पर कुल 36 लोग सवार थे. इनमें 32 भारतीय पर्यटक और चार स्थानीय क्रू मेंबर शामिल थे. हादसे के बाद 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि 15 भारतीयों की जान चली गई. मृतकों में 10 लोग तमिलनाडु के, 3 आंध्र प्रदेश के और 2 केरलम के रहने वाले हैं.

CG Weather Update: कल से मानसून पकड़ेगा रफ्तार, उत्तरी छत्तीसगढ़ में 5 दिन तक बारिश के आसार

रायपुर.

छत्तीसगढ़ में मानसून ने अपनी आमद का दमदार ट्रेलर तो दिखाया, लेकिन कुछ ही दिनों में इसकी रफ्तार सुस्त पड़ गई. बारिश में कमी से कई शहरों के तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है. पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर संभाग में मध्यम बारिश हुई है.

इसके बावजूद  प्रदेश में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य से 21 प्रतिशत कम बनी हुई है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 13 जुलाई से बारिश की गतिविधि बढ़ने की संभावना जताई है. वहीं अगले 5 दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर मध्यम बारिश जारी रहने के आसार हैं. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई. इस दौरान दुर्ग में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में 23.8 डिग्री सेल्सियय दर्ज किया गया है.
रायपुर शहर और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने स्थानीय पूर्वानुमान जारी किया है.

इसके मुताबिक आज बादल छाए रह सकते हैं. साथ ही बादल के गरजने-चमकने के साथ वर्षा होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार और आसपास के क्षेत्रों में भी 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं.

कहां कितनी बारिश हुई
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक 4 सेमी बारिश डौरा कोचली में हुई. इसके अलावा बलरामपुर, कुनकुरी, जशपुरनगर, वाड्राफनगर, दुलदुला और शंकरगढ़ में 3-3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं चलगली, सन्ना, रामानुजनगर, कुसमी और प्रतापपुर में 2-2 सेमी तथा ओडगी, भैयाथान, छिंदगढ़, कांसाबेल, बगीचा, मनोरा, उदयपुर, सूरजपुर, राजपुर, चांदो, कापू और बागबहार में 1-1 सेमी वर्षा दर्ज की गई.

अमेरिका-ईरान तनाव चरम पर, 140 ठिकानों पर हमले से मिडिल ईस्ट दहला

 तेहरान
 मिडिल ईस्ट में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। रविवार तड़के अमेरिका ने ईरान पर हमले का नया दौर शुरू किया। अमेरिका ने ईरान में 140 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान ने बहरीन, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात पर मिसाइल हमले किए।

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि यह हमला होर्मुज में साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज पर हुए हमले के जवाब में किया गया।

CENTCOM ने एक्स पर पोस्ट किए गए बयान में लिखा कि आज शाम 7:15 बजे (ET), U.S. सेंट्रल कमांड की फोर्स ने ईरान के खिलाफ इस हफ़्ते हमले का तीसरा दौर शुरू किया। यह कार्रवाई तब की गई जब इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की फोर्स ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज़ ‘M/V GFS Galaxy’ पर खुलेआम हमला किया।

इस हमले में जहाज के क्रू का एक सदस्य लापता है और जहाज पर आग लगने तथा इंजन रूम को काफी नुकसान पहुंचने के कारण वह अपनी यात्रा जारी नहीं रख पा रहा है।

व्यावसायिक जहाजों पर पहले हुए हमलों के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने के बाद, ईरान को ‘मेमोरैंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग’ (समझौता ज्ञापन) का पालन करने का एक और मौका दिया गया था, लेकिन वह फिर से ऐसा करने में नाकाम रहा।

इसके जवाब में, अमेरिका ईरान की उस क्षमता को कम करके उसे भारी कीमत चुकाने पर मजबूर कर रहा है, जिसके जरिए वह स्ट्रेट से गुजरने वाले आम नाविकों और व्यावसायिक जहाजों पर आसानी से हमले करता है। ये हमले कमांडर-इन-चीफ के निर्देश पर किए जा रहे हैं।

वहीं CENTCOM की X पोस्ट का जवाब देते हुए अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि ईरान ने गलत फैसला किया, अब उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।

CENTCOM के मुताबिक, जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया है, उनमें ईरान की मिसाइल और ड्रोन साइटें, नौसैनिक क्षमताएं, गोला-बारूद भंडारण सुविधाएं, संचार नेटवर्क और तटीय निगरानी केंद्र शामिल है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि इन हमलों से ईरान की स्ट्रेट से गुजरने वाले नागरिकों और जहाजों पर आसानी से हमला करने की क्षमता में कमी आएगी।

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने दावा किया है कि उसने कुवैत में अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम, गोला-बारूद डिपो और रडार साइट को निशाना बनाया। जबकि बहरीन में अमेरिकी कम्युनिकेशन सिस्टम और रडार साइट को निशाना बनाया गया।

दोनों देशों के बीच तनाव के बीच ईरान के संसद स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि अब एकतरफा समझौतों का दौर खत्म हो चुका है. गालिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि हमने पहले ही कहा था-वादा निभाओ, नहीं तो कीमच चुकाओ। उन्होंने आगे लिखा, अब हकीकत सामने है।

रायपुर में जाम से मिलेगी राहत, QRT को ट्रैफिक पुलिस की 10 नई हाई-स्पीड बाइक्स

रायपुर.

राजधानी रायपुर में ट्रैफिक समस्या पर प्रभावी रूप से एक्शन लेने के लिए पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम को 10 नई तेज रफ्तार बाइक प्रदान की गई है. अब ट्रैफिक पुलिस भीड़ भरी सड़क पर जल्द पहुंचकर लगे जाम को क्लियर कराएगी.

नई दोपहिया वाहन मिलने के बाद क्यूआरटी को सदरबाजार, रामसागरपारा, तात्यापारा जैसे हेवी ट्रैफिक वाले क्षेत्र में पहुंचने में दिक्कत नहीं आएगी. यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) के जवानों को इमरजेंसी लाइट और सायरन से लैस आधुनिक बाइक उपलब्ध कराई गई हैं. इससे जाम की स्थिति में भीड़भाड़ वाले इलाकों तक टीम तेजी से पहुंच सकेगी.

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिस कार्यालय परिसर में क्यूआरटी टीमों को शहर के संवेदनशील और जाम प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इससे पहले उन्होंने यातायात अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्था की समीक्षा भी की. पुलिस के अनुसार, शहर में सुगम और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए सभी 10 क्यूआरटी टीमों को नए आधुनिक वाहनों से सुसज्जित किया गया है. साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि जाम की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराए, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े.

ट्रैफिक जाम के लिए हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शहर में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने पर वे तुरंत यातायात हेल्पलाइन नंबर 94792 10632 पर सूचना दें. सूचना मिलते ही संबंधित ट्रैफिक थाने की क्यूआरटी टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारु बनाने की कार्रवाई करेगी. इस दौरान एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले सहित यातायात पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.

RPSC परीक्षा के लिए कोटा मंडल चलाएगा चार स्पेशल अनारक्षित ट्रेनें

जबलपुर
 राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2026 दिनांक 12 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल द्वारा 12 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन दो जोड़ी (कुल चार) परीक्षा स्पेशल अनारक्षित रेलगाड़ियों का संचालन किया जाएगा।

गाड़ी संख्या 09803/09804 अकलेरा-कोटा-अकलेरा तथा गाड़ी संख्या 09802/09801 छबड़ा गुगोर-सोगरिया-छबड़ा गुगोर के मध्य परीक्षा स्पेशल अनारक्षित गाड़ियों का संचालन किया जाएगा।

गाड़ी संख्या 09803, अकलेरा-कोटा परीक्षा स्पेशल
 अकलेरा से प्रातः 03:05 बजे प्रस्थान कर अमेठा (03:15), जूनाखेड़ा (03:36), झालरापाटन (03:48), झालावाड़ सिटी (03:56), जुल्मी (04:12), रामगंज मंडी (04:25), मोड़क (04:36), कंवलपुरा (04:44), दरा (04:59), रावठा रोड (05:11), अलनिया (05:22), दाढ़देवी (05:34) तथा न्यू कोटा (05:43) होते हुए 06:25 बजे कोटा पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 09804, कोटा-अकलेरा परीक्षा स्पेशल
कोटा से रात्रि 20:30 बजे प्रस्थान कर न्यू कोटा (20:47),दाढ़देवी (20:57), अलनिया (21:06), रावठा रोड (21:17), दरा (21:29), कंवलपुरा (21:40), मोड़क (21:50), रामगंज मंडी (22:00), जुल्मी (22:15), झालावाड़ सिटी (22:30), झालरापाटन (22:43), जूनाखेड़ा (23:08) तथा अमेठा (23:23) होते हुए 00:25 बजे अकलेरा पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 09802, छबड़ा गुगोर-सोगरिया परीक्षा स्पेशल
छबड़ा गुगोर से प्रातः 04:30 बजे प्रऊस्थान कर केशोली (04:38), सालपुरा (04:46), अटरू (05:00), पिपलोद रोड (05:09), छजावा (05:19), बारां (05:30), सुन्दलक (05:42), बिजौरा (05:50), अन्ता (06:03), भौंरा (06:19), श्री कल्याणपुरा (06:30), दिगोद (06:44) तथा चन्द्रेसल(06:55) होते हुए 07:30 बजे सोगरिया पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 09801, सोगरिया-छबड़ा गुगोर परीक्षा स्पेशल
सोगरिया से सायं 19:15 बजे प्रस्थान कर चन्द्रेसल  (19:21), दिगोद (19:30), श्री कल्याणपुरा (19:38), भौंरा (19:46), अन्ता (19:59), बिजौरा (20:10), सुन्दलक (20:18), बारां (20:26), छजावा (20:41), पिपलोद रोड (20:51), अटरू (21:00), सालपुरा (21:15) तथा केशोली (21:30) होते हुए 22:00 बजे छबड़ा गुगोर पहुंचेगी

इन परीक्षा स्पेशल गाड़ियों के संचालन से झालावाड़, बारां एवं आसपास के क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को कोटा स्थित परीक्षा केन्द्रों तक समय पर एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध होगी। रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान इन विशेष गाड़ियों का अधिकाधिक उपयोग करें तथा नियमित ट्रेनों में अनावश्यक भीड़ बढ़ाने से बचें। भीड़ प्रबंधन के लिए प्रमुख स्टेशनों पर टिकट जांच कर्मचारियों एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की गई है। सभी अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे वैध रेल टिकट लेकर ही यात्रा करें।

गाड़ियों की वास्तविक स्थिति की जानकारी यात्री एनटीईएस ऐप अथवा www.enquiry.indianrail.gov.in के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।

 

MP में एथनॉल के नाम पर 242 क्विंटल चावल हेराफेरी, 8 राइस मिलर जांच के घेरे में

बालाघाट.

मध्य प्रदेश के बालाघाट व सिवनी जिलों में एथनॉल उत्पादन के नाम पर फोर्टिफाइड चावल की हेराफेरी का मामला सामने आया है। इसमें आठ राइस मिलरों को नोटिस दिया गया है। साथ ही 13 संदिग्ध लोगों पर एफआइआर करवाने की तैयारी है। मामले की जांच एसआइटी कर रही है।

यदि ऐसी हेरफेर इन जिलों में हुआ होगा तो घोटाला बड़ा हो सकता है। बता दें, सामान्य चावल में आवश्यक विटामिन और खनिज (जैसे आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन बी-12) को मिलाकर तैयार पोषणयुक्त चावल को फोर्टिफाइड कहा जाता है। यह आंगनवाड़ी केंद्रों व कन्या छात्रावासों में वितरित किया जाता है।

50 से अधिक संदिग्धों से हो रही पूछताछ
मामला तीन जून को बालाघाट में 242 क्विंटल चावल का ट्रक वारासिवनी के संचेती राइस मिल परिसर में पकड़े जाने से सामने आया। ट्रक बालाघाट के नवेगांव स्थित एफसीआइ के गोदाम से छिंदवाड़ा के बोरगांव स्थिति एवीजी एग्रीको एथनाल प्लांट के लिए निकला था। जांच के बाद इससे जुड़े ट्रक चालक दुर्गेश शेंडे, एथनाल प्लांट के एजेंट राहुल प्रताप, सुपरवाइजर राकेश श्रीवास्तव और सिवनी के ट्रांसपोर्टर उबेद खान को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि ट्रक संचेती राइस मिल में खाली करवाया गया। मालिक सौरभ संचेती और उसके पिता गंभीर संचेती फरार हैं। जांच आगे बढ़ी तो करीब एक हफ्ते बाद दो ट्रक सिवनी की एक राइस मिल में खाली मिले। हेराफेरी की तह तक जाने 50 से अधिक ट्रक मालिक, ट्रक चालक, राइस मिलर, प्लांट प्रबंधन के लोगों से पूछताछ जारी है।

अब तक 17 ट्रक जब्त किए गए
बालाघाट एसपी आदित्य मिश्रा के मुताबिक अब तक 17 ट्रक जब्त किए हैं, इनकी चावल की हेराफेरी में संलिप्तता है। बालाघाट के राजनीतिक रसूख वाले राइस मिलर के नाम भी सामने आए हैं। आशंका है कि 17 जिलों के 22 एथनाल प्लांटों को करीब 1100 करोड़ रुपये का चावल आवंटित किया गया है।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu