हिंदू नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने की उठी मांग, पुलिस कमिश्नर संजय सिंह बोले—जल्द होगी कार्रवाई

राजधानी भोपाल में हनुमान जयंती के बाद हिंदू नेताओं को मिली धमकियों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस पूरे मामले को लेकर भोपाल सांसद आज पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत दर्ज कराई।

सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि कुछ असामाजिक और आपराधिक तत्व भोपाल का माहौल खराब करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने धमकी पाने वाले हिंदू नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग उठाई।
मीडिया से बातचीत में आलोक शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में कानून का राज है और किसी भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं पुलिस कमिश्नर संजय सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पुलिस ने इस पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है और संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करेगी।
फिलहाल इस मामले के सामने आने के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस सतर्क नजर आ रही है।

