एक ही शहर में दो बड़ी वारदातें — VIP इलाके में डॉक्टर लूटा, वकील से मारपीट; कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल
“डॉक्टर- वकील दोनों शिकार”
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब VIP इलाके भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। एक ही दिन में लूट की दो बड़ी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना सीएम हाउस के पास की है — एक ऐसा इलाका जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए। लेकिन यहीं बदमाशों ने एक डॉक्टर को निशाना बना लिया।
दो बाइक सवार आरोपियों ने पहले डॉक्टर की साइकिल को पीछे से टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। गिरने से उनके कूल्हे की हड्डी तक टूट गई।
हैरानी की बात ये है कि बदमाश यहीं नहीं रुके — उन्होंने डॉक्टर की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका और उनके हाथ में पहना करीब 11 तोला सोने का कड़ा लूटकर फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, इस वारदात को अंजाम देने से पहले बाकायदा रेकी की गई थी।
“VIP एरिया में लूट!”
सवाल ये है — जब सीएम हाउस के पास ये हाल है, तो आम इलाकों में सुरक्षा का क्या भरोसा?
वहीं दूसरी घटना हबीबगंज थाना क्षेत्र से सामने आई है, जहां सिकंदर सिंह राजपूत नाम के एक वकील के साथ लूट और मारपीट की गई।
बताया जा रहा है कि “घर की रसोई होटल” के संचालक से खाना पार्सल कराने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद होटल संचालक ने अपने साथियों के साथ मिलकर वकील पर हमला किया और उनके गले से करीब 2.5 तोला सोने की चेन लूट ली।
घटना के बाद वकीलों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में वकीलों ने हबीबगंज थाने का घेराव कर चक्काजाम किया और एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
“पुलिस पर मिलीभगत?”
और सबसे गंभीर आरोप — वकीलों ने हेड कांस्टेबल पर ही मिलीभगत का आरोप लगा दिया।
अगर ये आरोप सही हैं, तो मामला सिर्फ लूट का नहीं, बल्कि सिस्टम पर भरोसे का भी है।
“भोपाल में बढ़ता अपराध
फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेकिन लगातार बढ़ती इन वारदातों ने एक बार फिर ये सवाल खड़ा कर दिया है—
क्या भोपाल में अपराधियों के हौसले पुलिस से ज्यादा मजबूत हो चुके हैं?

