भोपाल में हत्याकांड पर बवाल: रोशनपुरा से CM हाउस तक पैदल मार्च, आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल
भोपाल। राजधानी भोपाल में विजय राजपूत उर्फ बिट्टू हत्याकांड को लेकर बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। हिंदू समाज के हजारों लोग सड़कों पर उतरे और रोशनपुरा चौराहे से मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च निकाला।प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) लगाने और फांसी की सजा देने की मांग उठाई। इस दौरान पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया।

वहीं, इस मामले में एक बड़ा घटनाक्रम रातीबड़ इलाके में सामने आया। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी आसिफ उर्फ बम ने रास्ते में पुलिस से पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया।

घायल आरोपी को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल लाया गया, जहां सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने अशोका गार्डन इलाके में विजय मेवाड़ा की हत्या की थी, जिसके बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

