
भोपाल में पिछले कई दिनों से दहशत का माहौल पैदा करने वाला सड़क पर युवतियों पर हमला करने वाला आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने आरोपी को अयोध्या बायपास इलाके से गिरफ्तार किया है, जहां वह एक बार फिर वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
कौन है आरोपी?

पुलिस के मुताबिक आरोपी सागर जिले का निवासी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी से विवाद के बाद वह मानसिक रूप से असंतुलित हो गया था और इसके बाद उसने महिलाओं और बच्चियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। आरोपी तेज रफ्तार बाइक से हमला कर मौके से फरार हो जाता था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कल रात अयोध्या बायपास के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के समय आरोपी वारदात की तैयारी में था।
6 दिन की मेहनत, 25 टीमें मैदान में

आरोपी को पकड़ने के लिए पिछले 6 दिनों में पुलिस की 25 टीमें लगाई गई थीं। करीब 900 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, स्केच तैयार किया गया और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली गई। आरोपी पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
आपराधिक रिकॉर्ड और आपत्तिजनक कंटेंट
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से आपत्तिजनक कंटेंट बरामद किया है। इसके साथ ही उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की पुष्टि भी हुई है।
शहर ने ली राहत की सांस
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भोपालवासियों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ में और भी खुलासे होने की संभावना है।

