अन्ना नगर की सिंदूर वाटिका में मंत्री विश्वास सारंग ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

Share :

भोपाल, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विश्वास कैलाश सारंग ने नरेला विधानसभा क्षेत्र के अन्ना नगर स्थित सिंदूर वाटिका में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

मंत्री सारंग ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन को नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान आज प्रकृति के संरक्षण और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का जनआंदोलन बन चुका है। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ अपनी माताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का भी सशक्त माध्यम है।

मीडिया से चर्चा करते हुए मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर देशभर में लाखों पौधे रोपे जा रहे हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप मिल रहा है।

मंत्री सारंग ने पौधारोपण को वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक आवश्यकता बताते हुए कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर भविष्य भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी मानते हुए जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।

🏠 Home 🔥 Trending 🎥 Video 📰 E-Paper Menu