एमपी बोर्ड रिजल्ट में बेटियों का दबदबा: मंत्री विश्वास सारंग बोले– शिक्षा सुधारों का परिणाम, नरेला की हिमांशी ने रचा इतिहास
भोपाल, 15 अप्रैल। मध्यप्रदेश में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित होते ही खुशी की लहर दौड़ गई है। इस वर्ष परीक्षा परिणाम उल्लेखनीय रहा, जहां 12वीं में करीब 74% छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। खास बात यह रही कि दोनों कक्षाओं में बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किए हैं।
मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए निरंतर सुधारों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्कूल शिक्षा को मजबूत करने के लिए जो प्रयास किए गए हैं, उनका असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। सरकारी स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर, शिक्षकों, प्रयोगशालाओं और पढ़ाई की गुणवत्ता में व्यापक सुधार हुआ है, जिससे परिणाम बेहतर आए हैं।
उन्होंने बेटियों की सफलता पर विशेष खुशी जताते हुए कहा कि आज की बेटियां शिक्षा के माध्यम से न केवल अपना भविष्य संवार रही हैं, बल्कि देश के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का भी उल्लेख किया।

इसी बीच भोपाल के नरेला क्षेत्र से एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी सामने आई है। नरेला की छात्रा हिमांशी धाकड़ ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में 99.4% अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा और भोपाल में पहला स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर मंत्री विश्वास सारंग स्वयं उनके निवास पहुंचे और उन्हें बधाई दी।
मंत्री सारंग ने हिमांशी की मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने हिमांशी को आगे की पढ़ाई के लिए एक लैपटॉप देने की घोषणा की और यूपीएससी की तैयारी के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

हिमांशी, जो ब्रिलियंट कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हैं, ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी उपलब्धि प्रदेश की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।
मंत्री सारंग ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि प्रदेश के छात्र-छात्राएं आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।

