दतिया उपचुनाव पर बढ़ी सियासी सरगर्मी, राजेंद्र भारती मामले में सुनवाई 15 अप्रैल तक टली

मध्यप्रदेश के दतिया में संभावित उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को बैंक फ्रॉड मामले में सजा मिलने के बाद उनकी विधायकी समाप्त हो चुकी है, जिससे दतिया विधानसभा सीट रिक्त हो गई है।
इस मामले में दायर अपील पर दिल्ली हाई कोर्ट में सुनवाई हुई, लेकिन अदालत ने अगली तारीख 15 अप्रैल तय की है। अब इस तारीख पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि यही आगे की राजनीतिक दिशा तय कर सकती है।
हेमंत खंडेलवाल ने नरोत्तम मिश्रा से की बंद कमरे में रणनीतिक चर्चा, उपचुनाव की अटकलें तेज

इधर, सियासी गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के निवास पहुंचकर करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में चर्चा की। इस मुलाकात को दतिया उपचुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
दतिया सीट को नरोत्तम मिश्रा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। हालांकि पिछले चुनाव में उन्हें राजेंद्र भारती से हार का सामना करना पड़ा था। अब सीट खाली होने के बाद उनके दोबारा मैदान में उतरने की संभावनाएं तेज मानी जा रही हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 15 अप्रैल की सुनवाई और उसके बाद के घटनाक्रम दतिया उपचुनाव की तस्वीर साफ करेंगे। फिलहाल, भोपाल से लेकर दतिया तक राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर है।

