ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
आज दिनांक 05 अप्रैल 2026 को महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर समाज सुधारक एवं दलित समाज के प्रेरणास्रोत बाबू जगजीवन राम की जयंती ग्वालियर में बड़े ही श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्री प्रभुदयाल जोहरे (जिलाध्यक्ष, ग्वालियर ग्रामीण), मुकेश बंसल (उपाध्यक्ष, प्रदेश अजा विभाग), नीरज चंडाले (जिला अध्यक्ष, शहर अजा विभाग), श्री विनय मालवीय (जिला अध्यक्ष, ग्रामीण अजा विभाग), शुभम इंद्रासे, शुभम अहिरवार सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने कहा कि बाबू जगजीवन राम का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में दलित, वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए उसी दृढ़ता से संघर्ष करने की आवश्यकता है।
उन्होंने आगे बताया कि उनके नेतृत्व में प्रदेशभर में अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश, जिला एवं पंचायत स्तर तक समितियों का गठन किया जा रहा है। साथ ही सामाजिक न्याय, आरक्षण और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण हेतु जनजागरण अभियान एवं आंदोलन चलाए जा रहे हैं।
युवाओं को शिक्षा, रोजगार और राजनीतिक भागीदारी में आगे लाने के लिए विशेष अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं, जिससे समाज के वंचित वर्गों को सशक्त बनाया जा सके।
उन्होंने अंत में कहा कि बाबू जगजीवन राम के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना और उनके बताए मार्ग पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

