शाहपुरा में विकास कार्यों के बीच सियासी वार—‘वंदे मातरम’ पर विधायक को घेरा
भोपाल की मध्य विधानसभा सीट पर सियासी माहौल गरमाता नजर आ रहा है। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने एक बड़ा और विवादित बयान देते हुए कहा है कि मध्य विधानसभा को अब ऐसा विधायक चाहिए, जिसे ‘वंदे मातरम’ गाने से परहेज न हो।
दरअसल, शाहपुरा के वार्ड 51 में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिसमें अत्याधुनिक पार्क और सीसी सड़क का निर्माण शामिल है। इस कार्यक्रम में संगठन प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा और विकास विरानी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए किशन सूर्यवंशी ने मौजूदा विधायक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ नेता चुनाव के समय धर्म और आस्था का दिखावा करते हैं—तिलक लगवाते हैं, आरती करते हैं, माता की चुनरी ओढ़ते हैं—लेकिन जीतने के बाद उनकी निष्ठा बदल जाती है।
सूर्यवंशी ने आरोप लगाया कि ऐसे ही नेता राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ गाने से भी कतराते हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगली बार मध्य विधानसभा में ऐसा प्रतिनिधि चुना जाए, जो राष्ट्रवाद की विचारधारा को सर्वोपरि रखे।
वहीं, कार्यक्रम में संगठन प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा ने पार्षद के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चलती है।
अब देखना होगा कि इस बयान के बाद मध्य विधानसभा की राजनीति में क्या नया मोड़ आता है।

