बोकाखाट और नाडुआर में जनसभाओं को किया संबोधित, NDA प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन

नई दिल्ली/असम, 5 अप्रैल 2026
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को असम की बोकाखाट और नाडुआर विधानसभा सीटों पर एनडीए-भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और राज्य में एनडीए की जीत का दावा किया।
शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में असम की जनता की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोग सरल, देशभक्त और ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि असम की चाय विश्वभर में प्रसिद्ध है और देश की पहचान का अहम हिस्सा है।
कांग्रेस पर “5 महापाप” का आरोप
चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने असम के साथ पांच “महापाप” किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाजन के समय असम को पाकिस्तान में देने की बात, 1962 के युद्ध में राज्य को असहाय छोड़ना, घुसपैठ को बढ़ावा देना, युवाओं को रोजगार न देना और परिवारवाद को बढ़ाना—ये कांग्रेस की बड़ी विफलताएं हैं।
“कांग्रेस की चिंता मामा हिमंता”
उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की हालत कमजोर हो चुकी है और पार्टी में भगदड़ मची हुई है। उन्होंने दावा किया कि असम में वर्तमान नेतृत्व के कारण कांग्रेस परेशान है और जनता एनडीए के साथ खड़ी है।
बड़े वादे और घोषणाएं
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में 5 साल में 2 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि “ना लैंड जिहाद होगा, ना लव जिहाद” और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में 33% सीटों पर महिलाओं को मौका दिया जाएगा और उन्हें एमएलए-एमपी बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

श्रमिकों और गरीबों पर फोकस
चौहान ने कहा कि चाय बागान श्रमिकों को अब जमीन के अधिकार दिए जा रहे हैं और उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के घर भी मिलेंगे। सरकार का लक्ष्य हर गरीब को सम्मानजनक जीवन देना है।
NDA की जीत का दावा
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि असम में एक बार फिर एनडीए सरकार बनेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि राज्य के विकास और बेहतर भविष्य के लिए एनडीए को वोट दें।

