वाराणसी में CM मोहन यादव ने लिया कचौड़ी-जलेबी का स्वाद, सादगी भरे अंदाज़ ने जीता लोगों का दिल
वाराणसी दौरे पर पहुंचे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक अलग ही अंदाज़ देखने को मिला, जिसने आम लोगों का दिल जीत लिया।

एयरपोर्ट जाते समय उनका काफिला अचानक मिंट हाउस स्थित प्रसिद्ध श्रीराम भंडार पर रुक गया। यहाँ मुख्यमंत्री ने बनारस की मशहूर कचौड़ी, पूरी-राम भाजी और जलेबी का स्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि भारत के हर राज्य और शहर की अपनी खास खान-पान संस्कृति होती है, जो उसकी पहचान को दर्शाती है। स्थानीय व्यंजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अहम हिस्सा हैं, जिन्हें संरक्षित और बढ़ावा देना जरूरी है।
सादगी से जीता दिल
मुख्यमंत्री का यह सहज और सरल व्यवहार लोगों को बेहद पसंद आया। आम लोगों को जब उनके बीच मुख्यमंत्री दिखे, तो पहले तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ। लेकिन जैसे ही उन्होंने उनसे बातचीत की, माहौल उत्साह से भर गया।
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री से खुलकर संवाद किया और उनके इस आत्मीय व्यवहार की जमकर सराहना की। कई लोगों का कहना था कि उनसे मिलकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि वे किसी मुख्यमंत्री से बात कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरें
इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग मुख्यमंत्री के इस जमीन से जुड़े अंदाज़ की खूब तारीफ कर रहे हैं।

