मंत्री इन्द्र सिंह परमार की उपस्थिति में भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान और संघर्ष पर हुआ मंथन, जे. नंद कुमार ने रखा विचार

भोपाल। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में आज ‘विज्ञान में राष्ट्रीय स्वत्व : भारतीय वैज्ञानिकों का संघर्ष’ विषय पर एक प्रभावशाली व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रज्ञा प्रवाह के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर स्थित ज्ञान विज्ञान भवन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश शासन के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इन्द्र सिंह परमार रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार जैन ने की। मुख्य वक्ता के रूप में जे. नंद कुमार ने अपने उद्बोधन में भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान, उनके संघर्षों तथा विज्ञान के क्षेत्र में “राष्ट्रीय स्वत्व” की अवधारणा पर विस्तृत प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों द्वारा “वंदेमातरम्” का सामूहिक गायन प्रस्तुत किया गया, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
इस आयोजन में विश्वविद्यालय के प्राध्यापकगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. एस. बी. सिंह द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस व्याख्यान को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताते हुए इसे विज्ञान और राष्ट्रीय दृष्टिकोण के समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया

