भोपाल से मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया शुभारंभ, ड्रॉपआउट दर घटी, नामांकन में रिकॉर्ड वृद्धि; छात्रों को किताबें और गणवेश सहायता भी मिलेग
मध्यप्रदेश में शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘स्कूल चलें हम अभियान’ की शुरुआत राजधानी भोपाल से की गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने टीटी नगर स्थित मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में इस अभियान का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 से 4 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में यह अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत अगले तीन से चार महीनों में करीब 4 लाख विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल वितरित की जाएगी, जिससे दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि छात्रों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें और गणवेश के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को स्कूल से जोड़ना और शिक्षा को सुलभ बनाना है।

सरकार के अनुसार, प्रदेश में ड्रॉपआउट दर लगभग शून्य तक पहुंच गई है, जबकि नामांकन में 19.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। कुछ स्कूलों में यह वृद्धि 32.4 प्रतिशत तक रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 50 हजार से अधिक गांवों में इस अभियान के तहत बच्चों को स्कूल से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। साथ ही सरकारी स्कूलों में खेल मैदान, पुस्तकालय और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे अभिभावकों का भरोसा बढ़ा है।

कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। छात्रों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
सरकार का मानना है कि National Education Policy 2020 के प्रभाव से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं, जिससे भविष्य में और बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।

